अलवर जिले में सोमवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। तड़के करीब 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। फिलहाल जिलेभर में घने बादल छाए हुए हैं। इससे पहले रविवार को भी सुबह से दोपहर करीब 12 बजे तक शहर और जिले के कई हिस्सों में बादल छाए रहे थे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने से तेज गर्मी का असर कम रहा। हालांकि, दोपहर बाद धूप निकलने और हवा की रफ्तार कम होने से उमस बढ़ गई, जिससे लोग पसीने से तरबतर नजर आए। रविवार को अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को इसके 36 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 3 दिन तक जिले में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। पिछले दिनों हुई बारिश का असर अरावली पर्वतमाला के आसपास के क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है। बारिश के बाद पेड़-पौधों में हरियाली लौटने लगी है, जिससे पहाड़ों की सुंदरता और बढ़ गई है।
Source link

