शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील में 19 जून को एक घटना के संबंध में लोधी युवा शक्ति संगठन ने सोमवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने खनिज विभाग की कार्रवाई के दौरान युवक मंगल लोधी के साथ कथित मारपीट, अभद्र व्यवहार और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित को तत्काल निलंबित करने, एफआईआर दर्ज करने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन के सदस्य कपूर लोधी ने बताया कि 19 जून को पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई चल रही थी। इस दौरान मौके पर मौजूद कई लोग अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। मंगल लोधी भी घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। आरोप है कि खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित ने उनका मोबाइल छीन लिया। जब मंगल लोधी ने अपना मोबाइल वापस मांगा, तो उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया, थप्पड़ मारा गया और धक्का-मुक्की की गई।
बोले- गलत ढंग से FIR कराई गई
संगठन का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो उपलब्ध है। इसके बावजूद, खनिज निरीक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके विपरीत, मंगल लोधी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कर दिया गया। ज्ञापन में 112 डायल वाहन के उपयोग की भी जांच की मांग की गई है। संगठन ने यह स्पष्ट करने को कहा है कि वाहन का उपयोग किस आदेश और वैधानिक प्रक्रिया के तहत किया गया था। यदि जांच में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।
मांग- निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए
जिला पंचायत सदस्य सियाराम लोधी ने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ और निष्पक्ष अधिकारी से कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक खनिज निरीक्षक को निलंबित किया जाना चाहिए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि मंगल लोधी के खिलाफ दर्ज प्रकरण जांच में गलत साबित होता है, तो उसे निरस्त किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आगामी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष भी उठाया जाएगा।
पुलिस बोली- मामले की जांच जारी
इस मामले में पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार का कहना है कि पुलिस ने खनिज विभाग के आवेदन पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षक बोले- वीडियो काट-छांटकर पेश किया
वहीं खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान मौके पर जानबूझकर विवाद की स्थिति बनाई गई थी। जो वीडियो वायरल किया जा रहा है, उसे काट-छांटकर पेश किया गया है। उनका दावा है कि एक अन्य वीडियो भी मौजूद है, जिसमें मंगल लोधी जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को ले जाने से रोकते हुए दिखाई दे रहा है। ऋषभ दीक्षित ने यह भी कहा कि मंगल लोधी के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि संबंधित वाहन किसका है।
Source link
खनिज निरीक्षक पर मारपीट के आरोप, निलंबन की मांग: शिवपुरी में वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान मोबाइल छीनने का दावा, सात दिन का अल्टीमेटम – Shivpuri News
RELATED ARTICLES

