ग्वालियर में रविवार को जिला प्रशासन ने नारायण विहार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त दल ने सड़क पर बने लगभग 74 मकानों को खाली कराकर अतिक्रमण हटाया। कई घंटों तक चली इस कार्रवाई के बाद पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया।
अभियान का नेतृत्व एसडीएम लश्कर नरेंद्र बाबू यादव ने किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। संयुक्त दल में सीएसपी अतुल सोनी, चार तहसीलदारों सहित राजस्व विभाग का अमला, थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव, नगर निगम के मदाखलत दस्ते के प्रभारी तथा जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी शामिल रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चली कार्रवाई एसडीएम नरेंद्र बाबू यादव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुबह 11 बजे शुरू हुई, जो शाम 7 बजे तक लगातार जारी रही। अभियान के दौरान तीन जेसीबी मशीनों और एक पोकलेन मशीन की सहायता से सड़क पर बने अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई से पहले संबंधित मकानों को खाली कराया गया, जिसके बाद मशीनों के जरिए अतिक्रमण हटाकर सड़क को पूरी तरह साफ किया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की गई है। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
ग्वालियर के नारायण विहार में चला बुलडोजर: 74 मकानों से हटाया अतिक्रमण; 3 जेसीबी और एक पोकलेन मशीन से की कार्रवाई – Gwalior News
RELATED ARTICLES

