Sunday, June 21, 2026
Homeराज्यउत्तरप्रदेशदेवरिया के रुद्रपुर में मोहर्रम से पहले विवाद: पुराना चौक पर...

देवरिया के रुद्रपुर में मोहर्रम से पहले विवाद: पुराना चौक पर मरम्मत कार्य एसडीएम ने रुकवाया – Deoria News




देवरिया जिले के रुद्रपुर में मोहर्रम पर्व से पहले नगर के संवेदनशील पुराना चौक (पक्का चौक) पर रविवार को मरम्मत कार्य को लेकर विवाद हो गया। चौक पर चल रहे कार्य का कुछ लोगों ने विरोध किया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा तत्काल कार्य रुकवा दिया गया। पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में दो लोगों का चालान भी किया है। नगर का पुराना चौक वर्षों से मोहर्रम और दुर्गा पूजा के दौरान संवेदनशील स्थल माना जाता है। सड़क के बीच स्थित इस चबूतरे को लेकर अतिक्रमण और निर्माण संबंधी विवाद समय-समय पर सामने आते रहे हैं। रविवार सुबह एक पक्ष द्वारा चबूतरे पर मरम्मत कार्य शुरू किए जाने की सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी अवधेश निगम, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय, थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर मरम्मत कार्य तत्काल रोक दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडेय ने बताया कि स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण या मरम्मत कार्य नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ने मौके से रुद्रपुर निवासी मोइन शाह पुत्र मोहम्मद ईशु तथा मोहम्मद वालिद पुत्र मोहम्मद लतीफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में शांति भंग की आशंका में दोनों का चालान कर दिया गया। घटना की सूचना पर कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। हालांकि, प्रशासन की तत्परता और पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने नगरवासियों से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments