नई दिल्ली. नया महीना शुरू हो चुका है. यह महीना अपने साथ कुछ बदलाव भी लेकर आया है, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा. आज से एलपीजी सिलेंडर की कीमत से लेकर मारूति की कारों तक के रेट तो बदल ही गए हैं साथ ही यूपीआई पेमेंट, एटीएम ट्रांजैक्शन फीस, सोलर पैनल से जुड़े नियम और पैन कार्ड रूल्स में भी कुछ बदलाव हो गए हैं.
आज जो सबसे बड़ा बदलाव हुआ है, वो है गैस सिलेंडर का रेट बढ़ना. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 42 रुपये प्रति सिलेंडर तक बढ़ा दिए गए हैं. 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. दिल्ली में अब इसकी कीमत 821.50 रुपये हो गई है. राजधानी में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर का रेट अब बढ़कर 3,113.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है. घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
यूपीआई से जुड़ा नियम बदला
NPCI ने UPI फ्रॉड कम करने के लिए नया नियम लागू करने का प्लान किया है. नए नियमों के तहत सभी UPI ऐप्स को पेमेंट से पहले केवल असली बैंक-रजिस्टर्ड beneficiary का नाम दिखाना होगा. यानी अब QR code, मोबाइल नंबर या user-defined नाम की जगह उस व्यक्ति या व्यापारी का verified नाम दिखाई देगा, जिसे आप पैसा भेज रहे हैं.
मारुति-हुंडई की कारें महंगी हुईं
आज से मारुति सुजुकी और हुंडई मोटर इंडिया की कारों की कीमत बढ़ गई हैं. मारुति सुजुकी जून से अपने सभी मॉडल्स की कीमतें 30,000 रुपए तक बढ़ा रही है. बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग होगी.हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपने पूरे पोर्टफोलियो की कीमतें 12,800 रुपए तक बढ़ाने का ऐलान किया है.
रेलवे रूट्स में बदलाव
जून 2026 में भारतीय रेलवे की ओर से बड़ा रेल ब्लॉक लिया जा रहा है, जिसके चलते करीब 77 ट्रेनों को रद्द किया जाएगा और कई ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे. इसका असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में पड़ेगा. कई सुपरफास्ट और दूरंतो ट्रेनों के समय और रूट में भी बदलाव किया गया है.
पैन कार्ड से जुड़े नियम
पैन कार्ड से जुड़े नियमों में भी बदलाव हो गया है. पहले एक दिन में ₹50,000 से ज्यादा कैश जमा करने पर PAN देना जरूरी था, लेकिन अब यह शर्त हटा दी गई है. वहीं, प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में PAN की सीमा ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख कर दी गई है. अब ₹45 लाख से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड और Joint Development Agreement (JDA) में PAN जरूरी होगा. सालभर में ₹10 लाख से ज्यादा कैश निकासी पर भी PAN रिपोर्टिंग लागू होगी.
सोलर पैनल से जुड़ा नया नियम
1 जून 2026 से सोलर पैनल से जुड़े नए एएलएमएम (Approved List of Models and Manufacturers) नियम लागू होने जा रहे हैं. इसके तहत सरकारी योजनाओं, नेट-मीटरिंग और कई सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में अब उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल करना होगा जो ALMM List-I और List-II में शामिल होंगे. सरकार ने साफ किया है कि 1 जून के बाद ALMM List-II नियमों में कोई एक्सटेंशन नहीं मिलेगा.
एटीएम कैश विड्रॉल चार्ज में बढ़त
कई बैंकों ने पिछले महीने ATM और बैंकिंग नियमों में बदलाव किए थे और अब 1 जून से भी कुछ बैंक ATM ट्रांजैक्शन फीस, फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट और कैश निकासी नियमों में बदलाव करेंगे. अप्रैल 2026 से HDFC Bank ने UPI ATM कैश निकासी को फ्री ATM लिमिट में शामिल कर दिया है, जबकि Punjab National Bank ने कुछ डेबिट कार्ड्स पर डेली कैश विड्रॉल लीमिट घटाई थी. वहीं, कई बैंकों ने FD ब्याज दरों में भी बदलाव किए थे.

