ITR filing 2026: इनकम टैक्स रिटर्न यानी आईटीआर भरना केवल टैक्स विभाग को अपनी इनकम की जानकारी देना भर नहीं है बल्कि आपकी फाइनेंशियल सेहत के लिए भी बेहद जरूरी है. अगर आप 31 जुलाई की डेडलाइन से पहले इनकम टैक्स रिटर्न भर देते हैं, तो आपको टैक्स रिफंड जल्दी मिलने के साथ-साथ लोन, वीजा और इंश्योरेंस जैसी कई सुविधाओं में भी फायदा मिल सकता है. कई लोग इसे सिर्फ टैक्स भरने की प्रोसेस समझते हैं, लेकिन इसके फायदे इससे कहीं ज्यादा बड़े हैं.
वैसे तो सरकार ने कुछ सीनियर सिटीजन्स को आईटीआर भरने से छूट दी है, लेकिन बाकी सभी टैक्सपेयर्स के लिए इसे समय पर भरना बहुत जरूरी है.
किसे है ITR भरने से छूट?
75 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को आईटीआर भरने की जरूरत नहीं है, बशर्ते वे इन शर्तों को पूरा करते हों:
- उनकी कमाई का जरिया सिर्फ पेंशन और बैंक का ब्याज हो.
- ब्याज उसी बैंक से आ रहा हो, जहाँ पेंशन आती है.
- उन्होंने बैंक में इस बात का डिक्लेरेशन जमा किया हो.
- बैंक खुद नियम के तहत उनका टैक्स (TDS) काट रहा हो.
समय पर ITR फाइल करने के 6 बड़े फायदे
1. आसानी से मिलेगा लोन: अगर आप होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेना चाहते हैं, तो बैंक सबसे पहले आपसे आईटीआर मांगते हैं. आईटीआर आपकी कमाई का सबसे पक्का सबूत है, जिसे देखकर बैंक तुरंत लोन पास कर देते हैं.
2. वापस मिलेगा एक्स्ट्रा कटा टैक्स: कई बार आपकी सैलरी, एफडी के ब्याज या किराए से ज्यादा टीडीएस कट जाता है. इस कटे हुए एक्स्ट्रा पैसे को सरकार से वापस पाने के लिए आईटीआर भरना जरूरी है.
3. सरकारी और कानूनी कामों में मददगार: आईटीआर की कॉपी आपके पक्के इनकम प्रूफ और एड्रेस प्रूफ के रूप में काम आती है. पासपोर्ट बनवाना हो या विदेश का वीजा यह हर जगह काम आता है.
4. शेयर बाजार या बिजनेस के घाटे की भरपाई: अगर आपको शेयर बाजार या बिजनेस में कोई नुकसान हुआ है, तो आप उसे अगले सालों के मुनाफे के साथ एडजस्ट कर सकते हैं. लेकिन यह फायदा तभी मिलेगा जब आप 31 जुलाई से पहले रिटर्न भरेंगे.
5. वीजा और बड़े टेंडर के लिए जरूरी: अगर आप विदेश यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं, तो वीजा इंटरव्यू में आईटीआर की मांग की जाती है. इसके अलावा सरकारी टेंडर लेने में भी यह जरूरी है.
6. टर्म इंश्योरेंस लेने में आसानी: अगर आप अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बड़े अमाउंट का टर्म इंश्योरेंस प्लान ले रहे हैं, तो इंश्योरेंस कंपनियां आपकी एलिजिबिलिटी जांचने के लिए आईटीआर की कॉपी मांगती हैं.

