सीतामढ़ी के हवाई अड्डा मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “बिहार से भाजपा जाएगी, तभी रोजगार आएगा।” यादव ने दावा किया कि
.
BJP की ‘ए’, ‘बी’ और कई टीमें सक्रिय हैं, जनता रहे सावधान
महागठबंधन के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगते हुए अखिलेश यादव ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी अप्रत्यक्ष रूप से हमला किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘ए’, ‘बी’ और कई अन्य टीमें सक्रिय हैं, जिनसे जनता को सावधान रहना चाहिए। उन्होंने बिना नाम लिए ‘पी टीम’ का भी जिक्र किया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जानते हैं कि अब वे मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, इसलिए वे केवल चुनावी दूल्हे की तरह माला पहन रहे हैं।
भाजपा चुनाव में जिन नेताओं को आगे करती, उन्हें सीएम नहीं बनाती
उन्होंने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा चुनाव में जिन नेताओं को आगे करती है, उन्हें बाद में मुख्यमंत्री नहीं बनाती। उन्होंने आशंका जताई कि बिहार में भी ऐसा ही हो सकता है।
सपा अध्यक्ष ने मोकामा हत्याकांड को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां प्रधानमंत्री और गृह मंत्री स्वयं प्रचार कर रहे हों, वहां इस तरह की घटना ‘जंगलराज’ की पुष्टि करती है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने एनडीए के एक करोड़ नौकरी के वादे पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सशस्त्र बलों में सम्मानजनक नौकरी पाने वाले युवाओं से भी अवसर छीना गया है।

