तारिक सिद्दीक़ी| सहारनपुर13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सहारनपुर पुलिस ने एक महिला से चेन छीनने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ढाई लाख रुपए कीमत की पीली धातु की चेन भी बरामद की है। यह घटना 10 दिसंबर को हुई थी।
न्यू जवाहर पार्क निवासी ऋषभ सिंगल ने थाना मंडी पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मौसी खरीदारी के लिए निकली थीं, तभी एक युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी और पुरानी आपराधिक घटनाओं का मिलान किया। शुक्रवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंडी समिति परिसर स्थित कूड़ा घर के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के कोटा जिले के गांव खेड़ा भोपाल निवासी अरुण मीणा उर्फ राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से विभिन्न शहरों में छोटी-बड़ी वारदातों को अंजाम देता रहा है और पहले भी ऐसे मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है।
आरोपी जिला बदलकर चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। सहारनपुर में वह कुछ समय से ठिकाना बदल-बदलकर घूम रहा था और मौका देखकर वारदात करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपए कीमत की पीली धातु की चेन बरामद की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी, एसआई जगपाल सिंह, हेडकांस्टेबल राहुल त्यागी, सुनील राणा और कमल कौशिक शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि शहर में स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

