श्योपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को चाय की दुकान पर मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। स्टेडियम के पास गुटखा और पैसे को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। घटना के बाद दोनों ने अलग-अलग FIR दर्ज कराई है।
.
पहली FIR में विशाल ने आरोप लगाया
केशर कॉलोनी निवासी विशाल दोहरे (26) ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह रविवार को स्टेडियम के पास अपने चाचा के बेटे कार्तिक दोहरे की चाय दुकान पर था। तभी इली मुसलमान, भाटू मुसलमान और राजा मुसलमान वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विशाल के विरोध करने पर आरोपियों ने स्टंप और बल्ले से मारपीट की। इसमें विशाल के मुंह, हाथ, कमर और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उसके भाई तरुण और हर्ष के साथ भी मारपीट हुई। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
दूसरी FIR में फरोद का पक्ष
बालापुरा निवासी फरोद उर्फ सोनू (19) ने भी शिकायत दर्ज कराई। फरोद ने बताया कि वह बीर सावरकर स्टेडियम में क्रिकेट खेलने के बाद पानी पीने चाय दुकान पर गया था। फरोद के अनुसार, वहां दुकानदार कार्तिक उर्फ ईशू और उसके बड़े भाई ने उसके साथ गाली-गलौज की और डंडे व घूंसे से मारपीट की।
इस घटना में फरोद के सिर और हाथ में चोटें आई हैं। उसने भी जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली पुलिस ने दोनों FIR के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

