Last Updated:
Lata Mangeshkar Mohammed Rafi Hit Song Trivia : किशोर कुमार ने लता मंगेशकर के साथ यूं तो कई हिट गाने दिए थे, मगर वह एक गाना गाने से पहले असहज थे. गाने में गायिका को गायक से बेहतर दिखाया गया है. वे इस तथ्य को स्वीकार नहीं कर पाए. दूसरा, गाने को रिकॉर्ड करने से पहले उन्हें एहसास हुआ कि जया बच्चन का किरदार उनकी निजी जिंदगी से प्रेरित है. वे गाने से पीछे हटे, तो मोहम्मद रफी ने इसे गाकर सबको चौंका दिया. गाना 53 साल बाद भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है.
नई दिल्ली: अगर आपको हिंदी गाने पसंद हैं, तो आपने लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी का वो सुपरहिट गाना सुना हो, जो 53 साल पहले रिलीज हुआ था. इसे अमिताभ बच्चन और जया बच्चन पर फिल्माया गया है. डायरेक्टर ऋषिकेश मुखर्जी शुरू में इसे किशोर कुमार से गवाना चाहते थे, मगर वे इसे गाने में सहज नहीं थे.

कहते हैं कि ऋषिकेश मुखर्जी ने जिस फिल्म के लिए यह गाना रिकॉर्ड करवाया था, उसकी कहानी किशोर कुमार और उनकी पहली पत्नी रुमा गुहा ठाकुरता की निजी जिंदगी से प्रेरित थी. मगर शुरू में किशोर कुमार इस तथ्य से वाकिफ नहीं थे. इसलिए, उन्होंने फिल्म के दो गाने ‘मीत न मिला रे मन का’ और ‘तेरे मेरे मिलन की यह रैना’ गा दिया.

जब किशोर कुमार से तीसरा गाना गाने को कहा गया, तो उन्हें एहसास हुआ कि जया बच्चन का किरदार उनकी पहली पत्नी रूमा गुहा ठाकुरता से प्रेरित है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वे इस गाने को लेकर सहज नहीं थे. दूसरा, डुएट गाने में दिखाया गया है कि गायक जो है, वो गायकी में गायिका से बेहतर नहीं है. यानी वह गाने में गायिका से हार जाता है. यह तमाम बातें तब किशोर कुमार को अखरी थीं. (फोटो साभार: Videograb)
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म की कहानी संगीत पर आधारित थी, जिसमें दो गायकों की निजी जिंदगी को दिखाया गया है. फिल्म में दिखाया गया है कि मशहूर गायक एक उभरती हुई गायिका से शादी कर लेता है. मगर वक्त बीतने के साथ गायिका अपने पति से आगे निकल जाती है, जिससे गायक झुंझला जाता है. दोनों के रिश्तों में दरार आ जाती है. हम फिल्म ‘अभिमान’ की बात कर रहे हैं, जिसके एक गीत को किशोर कुमार ने रिजेक्ट कर दिया था. (फोटो साभार: Videograb)

एसडी बर्मन के संगीत से सजी फिल्म ‘अभिमान’ के कालजयी गाने को अमिताभ बच्चन और जया बच्चन पर फिल्माया गया है. फिल्म में दिखाया गया है कि जब दोनों को एक फंक्शन में गाने को कहा गया, तो गायिका अपने पति से बेहतर गा देती है. इसमें गायक की हार दिखाई देती है. गाने के बाद फिल्म में डेविड का एक डायलॉग भी आता है, जिसमें वह कहता है- देखो, उमा, सुबीर कुमार से अच्छा गा रही है. (फोटो साभार: Videograb)

किशोर कुमार चाहते थे कि ऋषिकेश मुखर्जी इस सीन को हटा दें, मगर ऐसा नहीं हुआ. नतीजतन, किशोर कुमार ने भी गाने को ठुकरा दिया. किशोर कुमार के इनकार के बाद मोहम्मद रफी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने गाने के लिए हामी भर दी. उन्हें डायलॉग से भी कोई आपत्ति नहीं थी. (फोटो साभार: Videograb)

कई लोगों ने मोहम्मद रफी को गाना ‘तेरी बिंदिया रे’ न गाने की सलाह दी, मगर उन्होंने यहां किसी की बात नहीं सुनी. मोहम्मद रफी ने गाना रिकॉर्ड किया, तो लोग हैरान हुए. आखिरकार, जब यह गाना लोगों के सामने आया, तो सुपरहिट हुआ. फिल्म में यूं तो कई गाने थे, मगर इस गाने की बात ही निराली थी.

गाने ‘तेरी बिंदिया रे’ को मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखा था, जबकि एसडी बर्मन ने इसका संगीत तैयार किया था. आज भी गाने की हर बात लोगों को भाती है. 1973 की फिल्म ‘अभिमान’ में अमिताभ-जया के अलावा दुर्गा खोटे, असरानी, बिंदु देसाई जैसे कलाकारों ने काम किया था.

