Last Updated:
Stars Who Suffered Serious Injuries While Shooting: फिल्मी पर्दे पर चमकते सितारों की जिंदगी जितनी आलीशान और आसान दिखती है, हकीकत में इसके पीछे उतना ही कड़ा संघर्ष, खून और पसीना छिपा होता है. हाल ही में दिग्गज करेक्टर एक्टर राजेश शर्मा के साथ हुए एक भयानक हादसे ने एक बार फिर फिल्म सेट पर सुरक्षा और होने वाले हादसों की ओर सबका ध्यान खींचा है. आइए जानते हैं भारतीय सिनेमा के उन 10 बड़े एक्टर्स के बारे में, जो शूटिंग के दौरान गंभीर और अजीबोगरीब हादसों का शिकार हुए.
नई दिल्ली. ‘तनु वेड्स मनु’, ‘स्पेशल 26’, ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘भूल भुलैया 3’ जैसी फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले राजेश शर्मा कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती हैं. हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में सुपरस्टार प्रभास की आने वाली फिल्म ‘फौजी’ की शूटिंग के दौरान राजेश शर्मा को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया. जिसके बाद उनके पैर में सीरियस इंफेक्शन फैल गया. सूजन, तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है. लेकिन राजेश शर्मा अकेले नहीं हैं जो सेट पर ऐसे हादसे के शिकार हुए. उनसे पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान से लेकर ऐश्वर्या राय तक इन 9 सितारों ने बेहद दर्द झेला है.

सबसे बड़ा हादसा साल 1982 में फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ हुआ था. बिग बी एक फाइट सीन फिल्मा रहे थे, तभी टाइमिंग बिगड़ने के कारण उनका पेट टेबल के कोने से टकरा गया. उनकी तिल्ली (स्प्लीन) फट गई और शरीर में भारी आंतरिक रक्तस्राव हुआ. बिग बी कुछ पलों के लिए क्लीनिकल डेथ की स्थिति में भी पहुंच गए थे. उनकी तिल्ली निकालनी पड़ी और महीनों तक वे अस्पताल में भर्ती रहे. पूरे देश ने उनकी जान की दुआ मांगी थी. फिल्म में दुर्घटना वाला फुटेज कैप्शन के साथ फ्रीज कर दिया गया था. मनमोहन देसाई द्वारा निर्देशित यह फिल्म साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी. करीब 3 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 21 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी.

फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ की शूटिंग के दौरान सुशांत सिंह राजपूत भी चोटिल हुए थे. दरअसल, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के सिग्नेचर ‘हेलीकॉप्टर शॉट’ को पूरी सटीकता से सीखने के चक्कर में सुशांत सिंह राजपूत के रिब्स (पसलियां) टूट गई थीं. इस परफेक्शनिस्ट एक्टर ने गंभीर चोट के बावजूद कड़ी ट्रेनिंग जारी रखी. पूर्व भारतीय विकेटकीपर किरण मोरे ने उन्हें ट्रेन किया था. नीरज पांडे द्वारा निर्देशित एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी का कुल बजट लगभग 104 करोड़ था. इस फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 215 से 216 करोड़ रुपये का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था और यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

साल 2009 में आई शाहिद कपूर और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘कमीने’ का कुल बजट लगभग 35 करोड़ रुपये था. विशाल भारद्वाज ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया. फिल्म ‘कमीने’ की शूटिंग के दौरान शाहिद कपूर को करीब 5 से 6 चोटें आईं. एक एक्शन सीक्वेंस के दौरान उनकी कलाई बुरी तरह कट गई थी और शरीर पर कई नीले निशान पड़ गए थे. पहले उनकी कलाई में चोट आई, फिर एक स्किडिंग सीन में वे बुरी तरह घायल हो गए. दर्द के बावजूद उन्होंने शूटिंग पूरी की. फिल्म ने 70 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी और फिल्म हिट रही.

आलिया भट्ट ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग के दौरान बुल्गारिया में एक एक्शन सीन करते समय कंधे और हाथ में चोटिल हो गई थीं. इस चोट के बाद आलिया को ठीक होने में समय लगा, लेकिन वे दोगुनी ताकत के साथ सेट पर वापस लौटीं. फिल्म मेगा बजट में तैयार हुई थी. फिल्म को बनाने के लिए मेकर्स ने 400 करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च की थी. फिल्मका दुनियाभर से 450 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन रहा. फिल्म हिट रही थी.

साल 2004 में राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित ‘खाकी’ एक बेहतरीन एक्शन-थ्रिलर रही. ‘खाकी’ की शूटिंग के दौरान एक स्टंटमैन की कार ने ऐश्वर्या राय को टक्कर मार दी थी, जिससे वह एक झाड़ी में जा गिरीं और उनके बाएं पैर की हड्डी टूट गई. उनकी पीठ में कैक्टस के कांटे भी चुभ गए थे. अमिताभ बच्चन ने इस घटना को याद करते हुए बताया था कि वे दो रात तक सो नहीं पाए थे. चोट के बावजूद ऐश्वर्या ने बड़ी हिम्मत दिखाई थी. फिल्म को लोगों ने पसंद किया और हिट रही. फिल्म ने 45 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था.

लुधियाना में ‘दंगल’ की शूटिंग के दौरान आमिर खान सेट पर गिर पड़े. वीकों की कड़ी ट्रेनिंग और शूटिंग के बाद ज्यादा थकावट और डिहाइड्रेशन के कारण ऐसा हुआ. उन्होंने फिल्म के लिए 28 किलो वजन बढ़ाया था. आधे घंटे के आराम और आइस पैक के बाद भी वे खड़े नहीं हो पा रहे थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कंधे में गंभीर चोट का पता चला. आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ बॉक्स ऑफिस पर एक ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर रही. 70 करोड़ के बजट वाली इस फिल्म ने दुनियाभर से करीब 2,000 से 2,200 करोड़ की शानदार कमाई की.

ऋतिक रोशन हमेशा अपने स्टंट खुद करने के लिए जाने जाते हैं. साल 2014 में आई फिल्म ‘बैंग बैंग’ में उनका एक नया अवतार देखने को मिला. ‘बैंग बैंग’ के एक हाई-रिस्क स्टंट के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें बाद ब्रेन क्लॉट हटाने के लिए उन्हें एक सर्जरी से भी गुजरना पड़ा था. ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी. करीब 150 करोड़ के बजट में तैयार हुई फिल्म ने 340 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया था.

‘वांटेड’ के एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान सलमान खान के हाथ की लिगामेंट में चोट आ गई. बेइंतहा दर्द के बाद भी उन्होंने अपने स्टंट खुद करना जारी रखाकर फिल्म को पूरा किया. 2009 की सुपरहिट एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘वांटेड’ बॉक्स ऑफिस पर एक ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.

नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म ‘सरदार उधम’ के लिए विक्की कौशल ने बहुत ज्यादा फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया. उन्होंने इंटेंस एक्शन सीक्वेंस किए, जिसमें उन्हें कई चोटें आईं और शारीरिक रूप से बहुत थकावट हुई. ये फिल्म बड़े पर्दे के बजाय ओटीटी पर रिलीज हुई. सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज नहीं हो सकीं इसलिए हिट या फ्लॉप की श्रेणी में नहीं आती, लेकिन पुरस्कारों के लिहाज से इसे ब्लॉकबस्टर माना गया. 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में कुल 5 राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं.

