बालाघाट में खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर दो अलग-अलग गांवों से करीब 957 ट्रॉली अवैध रेत जब्त की है। यह पूरी कार्रवाई बुधवार की दोपहर लालबर्रा के मौसमी गांव और बालाघाट के कुम्हारी गांव में की गई। दरअसल, जिले में इस समय रेत खदान का कोई ठेका नहीं है, फिर भी नदियों से धड़ल्ले से रेत निकालकर गांवों में डंप की जा रही थी। शाम को जब खनिज अधिकारी से बात हो पाई, तब जाकर मामले की पूरी जानकारी सामने आई। सरकारी जमीन और गांवों में मिला रेत का भारी स्टॉक अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन और भंडारण को लेकर विभाग लगातार अलर्ट पर है। इसी कड़ी में जब संयुक्त टीम लालबर्रा के मौसमी गांव पहुंची, तो वहां सरकारी जमीन पर लगभग 22 ट्रॉली रेत का अवैध स्टॉक मिला। इसके बाद टीम ने कुम्हारी गांव में छापा मारा, जहां भारी मात्रा में यानी करीब 935 ट्रॉली रेत डंप की हुई मिली। इस तरह दोनों जगहों को मिलाकर कुल 957 ट्रॉली रेत लावारिस हालत में जमा करके रखी गई थी। मौके पर दस्तावेज नहीं दिखा पाए कारोबारी जब जांच टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से रेत के रख-रखाव, खनन या ट्रांसपोर्ट से जुड़े जरूरी कागजात मांगे, तो कोई भी एक भी दस्तावेज नहीं दिखा पाया। कागजात न होने की वजह से टीम ने इसे पूरी तरह अवैध माना और तुरंत रेत को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। कोटवारों की निगरानी में सौंपी गई जब्त रेत जब्त की गई इस करोड़ों की रेत को सुरक्षित रखने के लिए फिलहाल संबंधित गांवों के कोटवारों की देखरेख और सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। अधिकारी क्या बोले? खनिज अधिकारी उप संचालक फरहत जहां का कहना है कि इस मामले में मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के तहत कार्रवाई की जा रही है और जिले में इस तरह का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी अवैध रेत के खनन या भंडारण की भनक लगे, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Source link
बालाघाट में 957 ट्रॉली अवैध रेत जब्त: खनिज-राजस्व विभाग की दो गांवों में कार्रवाई; माफिया नदियों से निकालकर डंप कर रहे – Balaghat (Madhya Pradesh) News
RELATED ARTICLES

