बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन ने मजदूरी कर लौट रहे दो मजदूरों की बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार 13 जुलाई 2026 को शाम करीब 7:20 बजे हुई। कलवारी चौराहे से रामजानकी मार्ग पर अगौना की ओर लगभग 200 मीटर आगे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मारी। दोनों श्रमिक छावनी क्षेत्र से मजदूरी कर अपने घर चकबंजारीजोत, कलवारी लौट रहे थे। हादसे में पंकज (32) पुत्र अजीत और सुभाष चंद्र (39) पुत्र रामदीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी भेजा। वहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष चंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया। घटना के बाद मृतक पंकज के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
Source link
बस्ती में अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत: काम कर लौट रहे साथी गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी – Basti News
RELATED ARTICLES

