फिरोजाबाद में पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी “राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा” के गठन की घोषणा की है। फिरोजाबाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पार्टी का उद्देश्य समाज को एकजुट करना और अधिकारों के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने गठबंधन की रणनीति पर भी बात की। उनके अनुसार, गठबंधन का फैसला राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी की ताकत के आधार पर लिया जाएगा। जहां पार्टी मजबूत होगी, वहां वह अकेले चुनाव लड़ेगी, जबकि अन्य सीटों पर समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की संभावना खुली रहेगी। गौरतलब है कि अलंकार अग्निहोत्री जनवरी 2026 में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने के बाद सुर्खियों में आए थे। उन्होंने यूजीसी के नए नियमों को “काला कानून” बताते हुए उनका विरोध किया था। इसके अलावा, संतों के अपमान और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से जुड़े मुद्दों का हवाला देते हुए उन्होंने प्रशासनिक सेवा छोड़ने का निर्णय लिया था। इस्तीफे के बाद उन्हें शासन द्वारा निलंबित भी किया गया था।कानपुर के रहने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने आईआईटी बीएचयू से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है। निजी क्षेत्र में लगभग दस वर्षों तक काम करने के बाद, उन्होंने यूपीपीएससी 2019 की परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में 15वीं रैंक प्राप्त कर पीसीएस अधिकारी का पद संभाला था। अब उन्होंने प्रशासनिक सेवा छोड़कर राजनीति में अपनी नई पारी शुरू की है।
Source link
पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने नई पार्टी बनाई: कहा- 2027 के यूपी चुनाव में सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे – Firozabad News
RELATED ARTICLES

