Monday, May 11, 2026
Homeराज्यराजस्तानजैन मंदिर में घुसे चोर, CCTV में दिखे दो संदिग्ध: शाश्वत...

जैन मंदिर में घुसे चोर, CCTV में दिखे दो संदिग्ध: शाश्वत धाम में ममानस्तम्भ से स्वर्ण छत्र चोरी किया, संपति को नुकसान पहुंचाया – Udaipur News




उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाइवे पर डबोक स्थित शाश्वत धाम में सीमंधर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर में अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर परिसर के मानस्तम्भ से स्वर्ण छत्र चोरी कर लिया। घटना का एक सीसीटीवी सामने आया जिसमें संदिग्ध चोर दिखाई दिए। इस घटना को लेकर जैन समाज ने रोष जताया। मंदिर के ट्रस्टी एवं मंत्री डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री ने बताया कि 9 मई 2026 की रात्रि लगभग 1:30 बजे से 2:30 बजे के मध्य दो नकाबपोश व्यक्तियों ने मंदिर परिसर में प्रवेश कर किया। बदमाशों ने मंदिर के मुख्य द्वार को जबरन खोलने का प्रयास करते हुए दरवाजे की सांकल तोड़ दी तथा खिड़की की चुटकली भी क्षतिग्रस्त की और मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। डा. जैन ने बताया कि इसके अतिरिक्त मंदिर परिसर में स्थित मानस्तम्भ पर विराजमान चार प्रतिमाओं में से एक प्रतिमा पर स्थापित लगभग 30 ग्राम वजन का स्वर्ण छत्र चोरी कर लिया गया। मंदिर के प्रबंधक राकेश जैन ने बताया कि घटना की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। संबंधित CCTV फुटेज पुलिस प्रशासन को उपलब्ध करवाई गई ताकि आरोपियों की शीघ्र पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि इससे पूर्व भी मंदिर परिसर में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनका पुलिस द्वारा खुलासा किया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते दिखाई दे रहे हैं तथा समाज में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बन रहा है। मंदिर ट्रस्टी एवं मंत्री डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री तथा प्रबंधक राकेश जैन ने डबोक थाना पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल FIR दर्ज कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने, चोरी हुए स्वर्ण छत्र की बरामदगी करवाने तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। जैन समाज ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाने की अपील की है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments