पीलीभीत जनपद के थाना घुंघचाई क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब केशोपुर गांव के पास एक धान के खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव के ही 35 वर्षीय रामनिवास के रूप में हुई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, केशोपुर निवासी रामनिवास (पुत्र काशीराम) रविवार रात अपनी बाइक से किसी काम के लिए घर से निकले थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। सोमवार सुबह मैगलगंज हाईवे से केशोपुर जाने वाले मार्ग के मोड़ के पास राहगीरों ने एक शव और दुर्घटनाग्रस्त बाइक देखी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त रामनिवास के रूप में की। युवक का शव सड़क किनारे स्थित साठा धान के खेत में पड़ा था, जबकि उनकी बाइक पास ही हाईवे किनारे एक गहरी खाई में गिरी हुई पाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष जय शंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और गांव में मातम का माहौल है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक सड़क हादसा है या इसके पीछे कोई और साजिश। थाना अध्यक्ष जय शंकर सिंह ने बताया, “शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच सड़क हादसे की ओर इशारा कर रही है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रही है।”
Source link
पीलीभीत के केशोपुर में युवक का शव मिला: सड़क किनारे खेत से बरामद, पुलिस जांच में जुटी – Pilibhit News
RELATED ARTICLES

