Monday, June 22, 2026
Homeदेशउदयपुर के सन्तव्य व्यास बने टॉपर, 405 में से 79 विद्यार्थियों ने...

उदयपुर के सन्तव्य व्यास बने टॉपर, 405 में से 79 विद्यार्थियों ने लहराया परचम


Last Updated:

CA Final Result 2026 : आईसीएआई की ओर से घोषित मई 2026 सीए फाइनल परीक्षा के परिणाम ने उदयपुर के विद्यार्थियों के लिए जश्न का मौका दिया है. इस बार शहर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया अध्याय लिखा है. उदयपुर शाखा से परीक्षा में शामिल हुए 405 विद्यार्थियों में से 79 ने सीए फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण की है. इनमें 29 विद्यार्थियों ने दोनों ग्रुप एक साथ पास किए हैं. शाखा की मेरिट सूची में सन्तव्य व्यास ने 390 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया. खास बात यह रही कि उन्होंने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की. दूसरे स्थान पर मनन देवपुरा और तीसरे स्थान पर प्रणव बनोड़िया रहे. सन्तव्य के पिता गगन व्यास साड़ी और लहंगे के व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं. परिणाम जारी होने के बाद सफल विद्यार्थियों और उनके परिवारों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला.

Zoom

उदयपुर. द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की ओर से मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया. रिजल्ट जारी होने के साथ ही उदयपुर के विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई. इस बार उदयपुर शाखा के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया रिकॉर्ड बनाया है.

ICAI उदयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने बताया कि मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा में उदयपुर से कुल 405 विद्यार्थी शामिल हुए थे. इनमें से 79 विद्यार्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है. सफल विद्यार्थियों में 29 छात्रों ने दोनों ग्रुप एक साथ पास किए हैं. वहीं 11 विद्यार्थियों ने प्रथम ग्रुप और 23 विद्यार्थियों ने द्वितीय ग्रुप की परीक्षा उत्तीर्ण की है.

परीक्षा में हासिल किए 390 अंक
उदयपुर शाखा की मेरिट सूची में सन्तव्य व्यास ने पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने कुल 390 अंक प्राप्त कर शहर में टॉप किया. दूसरे स्थान पर मनन देवपुरा रहे, जबकि प्रणव बनोड़िया ने तीसरा स्थान हासिल किया. इसके अलावा कनिष्क अग्रवाल चौथे और आयुषी जोशी पांचवें स्थान पर रहीं. सभी सफल विद्यार्थियों को शाखा पदाधिकारियों और शिक्षकों ने शुभकामनाएं दी हैं.

पहले प्रयास में हासिल की सफलता
टॉपर सन्तव्य व्यास के लिए यह सफलता खास रही, क्योंकि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में सीए फाइनल परीक्षा पास करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया. सन्तव्य ने बताया कि उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया. परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने निर्धारित लक्ष्य बनाकर पढ़ाई की, जिससे उन्हें सफलता मिली.

पिता करते हैं ये व्यवसाय
सन्तव्य के पिता गगन व्यास साड़ी और लहंगे के व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता डॉ. हेमलता आमेटा सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं. परिवार ने उनकी पढ़ाई के दौरान हर कदम पर सहयोग किया. सन्तव्य ने अपनी स्कूली शिक्षा शिडलिंग स्कूल से पूरी की है. उन्होंने 10वीं कक्षा में 90 प्रतिशत और 12वीं कक्षा में 96.04 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे. शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सन्तव्य ने अब सीए फाइनल में भी अपनी प्रतिभा साबित की है.

दूसरे स्थान वाले ने भी पहली ही बार में मारी बाजी
दूसरे स्थान पर रहे मनन देवपुरा की सफलता भी प्रेरणादायक रही. मनन ने भी पहले ही प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण की है. उन्होंने अपनी तैयारी मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से की. मनन का कहना है कि परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई. परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा.

About the Author

authorimg

Anand Pandey

आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments