अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए 52 वाहन जब्त किए।
बारां जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 52 वाहन जब्त किए गए, जिनमें से 36 वाहनों पर कुल 9 लाख 12 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
.
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए 30 मई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया गया था। इसके लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, जिनमें पुलिस अधिकारियों के साथ परिवहन विभाग के कर्मचारी भी शामिल थे।
इन संयुक्त टीमों ने मांगरोल थाना क्षेत्र के मुंडिया, बालुंदा और सुरताक गांव के पास पार्वती नदी क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नदी से अवैध खनन करते हुए 8 पोकलेन मशीनें, 5 जेसीबी, 2 डंपर, रेत से भरे 23 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 6 खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली, 7 ट्रॉलियां, एक मोटरसाइकिल और दो नावें जब्त की गईं।
सभी जब्त वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया। इसके बाद परिवहन विभाग ने इन वाहनों की विस्तृत जांच की।
जांच में 36 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इनमें 29 ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक डंपर, पांच जेसीबी और एक मोटरसाइकिल शामिल थे। 22 ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड पाए गए, जबकि दो बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के संचालित हो रहे थे। अन्य वाहनों में भी परिवहन नियमों का उल्लंघन सामने आया।
परिवहन निरीक्षक सूरज भानु सिंह ने नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 9.12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में आरपीएस प्रोबेशनर भजनलाल, कोतवाली थाना प्रभारी हीरालाल, किशनगंज थाना प्रभारी रमेशचंद्र मेरोठा, जिला विशेष टीम और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

