नर्मदापुरम जिला मुख्यालय में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां कुछ युवक निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली जेसीबी में सवार होकर शहर में घूमने निकल पड़े। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने जेसीबी को रोककर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, शाम के समय जेसीबी मालाखेड़ी क्षेत्र स्थित कलेक्टर बंगले के सामने से मीनाक्षी चौक की ओर जा रही थी। जेसीबी में कुल छह लोग सवार थे। एक युवक जेसीबी चला रहा था, जबकि अन्य युवक केबिन और बकेट के पास बैठे थे। किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था थी। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। मामला ट्रैफिक विभाग तक पहुंचा। जैसे ही जेसीबी यातायात थाने के सामने पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया और थाने ले गई। जांच में पता चला कि जेसीबी किसी निर्माण कार्य के लिए नहीं, बल्कि घूमने के लिए निकाली गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई ट्रैफिक डीएसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि जेसीबी का उपयोग केवल निर्माण कार्य के लिए किया जाता है। युवक जिस तरह से बाजार की ओर जा रहे थे, उससे साफ था कि वे तफरी करने निकले थे। उन्होंने बताया कि जेसीबी क्रमांक UP 81 DT 3861 लक्फर कंस्ट्रक्शन, अलीगढ़ के नाम पर पंजीकृत है। इसे आमिर पिता इंतजार (20), निवासी मुजफ्फरपुर चला रहा था। चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत 3 हजार रुपये का चालान किया गया है। साथ ही उसका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजा जाएगा। इन नियमों का हुआ उल्लंघन पुलिस के अनुसार, इस मामले में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया। जेसीबी का निर्माण कार्य के बजाय घूमने के लिए इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा खुले बकेट और केबिन में लोगों को बैठाकर वाहन चलाना सुरक्षा नियमों का भी उल्लंघन है। डीएसपी संतोष मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या शौक के लिए इस तरह की हरकत न करें। ऐसा करने पर वाहन जब्त करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
JCB को बना लिया ‘कार’, 6 युवक घूमने निकले: नर्मदापुरम में ट्रैफिक पुलिस ने 3 हजार का चालान काटा, लाइसेंस होगा सस्पेंड – narmadapuram (hoshangabad) News
RELATED ARTICLES

