बूंदी में सिगरेट उधार नहीं देने पर एक युवक ने दुकानदार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू पेट और हाथ में लगने से दुकानदार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गया। घायल दुकानदार का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना शनिवार दोपहर 3 बजे नैनवां रोड स्थित अलगोजा रिजॉर्ट के पास हुई। थानाधिकारी भंवर सिंह ने बताया- नैनवां रोड पर पान की दुकान चलाने वाला बहादुर मीणा (28) अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक युवक दुकान पर आया और सिगरेट उधार मांगने लगा। बहादुर मीणा ने उधार देने से मना कर दिया। कहासुनी के बाद चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला सिगरेट उधार नहीं देने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकाला और बहादुर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू पेट और हाथ में लगने से बहादुर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हमलावर मौके से फरार हो गया। दुकानदार की हालत गंभीर होने पर आईसीयू में भर्ती घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा कर ली। लोगों ने तुरंत घायल बहादुर को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे सघन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस थानाधिकारी भंवर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। व्यापारियों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद नैनवां रोड के व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा तत्वों का आतंक बढ़ गया है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी को पकड़ने के लिए टीमों का गठन किया गया है।
Source link

