Last Updated:
हिंदी सिनेमा की सदाबहार एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने हाल ही में अपने जीवन की सबसे बड़ी ताकत यानी धर्मेंद्र को लेकर बात की. उन्होंने बताया कि मुश्किल दौर में भी धर्मेंद्र ने कभी उनका हौसला टूटने नहीं दिया और हमेशा आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी. दोनों की जोड़ी ने न सिर्फ पर्दे पर बल्कि असल जिंदगी में भी दर्शकों का दिल जीता. धर्मेंद्र के जाने के बाद भी उनकी सिखाई बातें और यादें आज भी हेमा मालिनी के साथ हैं, जो उन्हें लगातार प्रेरित कर रही हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की जोड़ी सिर्फ रुपहले पर्दे पर ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी हमेशा मिसाल बनी रही. इस सदाबहार जोड़ी ने एक साथ कई सुपरहिट फिल्में देकर दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया. हेमा मालिनी आज भी दिवंगत पति से जुड़े अनसुने किस्सों और अपनी खूबसूरत यादों को अक्सर फैंस के साथ साझा करती रहती हैं. धर्मेंद्र के जाने के बाद भी दोनों के प्यार का यह खूबसूरत सफर लोगों के दिलों में जिंदा है.

अब अपने फिल्मी करियर के 60 साल पूरे होने के मौके पर हेमा मालिनी ने एक बार फिर अपने जीवनसाथी को याद करते हुए बताया कि धर्मेंद्र ने हर मुश्किल दौर में उनका मनोबल बढ़ाया और कभी भी उन्हें अपनी क्षमताओं पर शक नहीं करने दिया. हेमा मालिनी ने का कहना है कि धर्मेंद्र उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते थे.

आईएएनएस को दिए खास इंटरव्यू में हेमा मालिनी ने अपने 6 दशक लंबे फिल्मी सफर, बदलती जिंदगी और धर्मेंद्र के साथ मिले अटूट सहयोग पर खुलकर बात की. यह बातचीत उनके खास कार्यक्रम ‘हेमा मालिनी: लाइव इन कॉन्सर्ट’ से पहले हुई, जो उनके 60 साल के शानदार सिनेमाई सफर का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

हेमा मालिनी ने कहा, ‘मेरे जीवन में हमेशा वही हुआ, जो समय के अनुसार होना था. 70 और 80 का दशक मेरे लिए काफी व्यस्त दौर था. मैंने लगातार कई फिल्मों में काम किया. इसके बाद कुछ समय का ब्रेक आया, फिर मैंने ‘बागबान’ और कुछ अन्य फिल्मों में काम किया. हालांकि, मैं कभी खाली नहीं रही. डांस शो, बैले और कई दूसरी चीजों में लगातार व्यस्त रही.’

उन्होंने आगे कहा, ‘बाद में जब मैं सांसद बनी, तो मेरी जिंदगी में एक नया मोड़ आया. आज भी मैं लोगों के बीच रहती हूं और खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मुझे जनता की सेवा करने का मौका मिला. पहले मैं फिल्मों, डांस और मंचीय प्रस्तुतियों के जरिए लोगों का मनोरंजन करती थी, अब मथुरा की जनता की सेवा करना मेरे जीवन का अहम हिस्सा है.’

हेमा मालिनी बताती हैं कि आज भी जब लोग मुझे देखते हैं तो उन्हें सबसे पहले मेरा लोकप्रिय किरदार ‘बसंती’ याद आता है. मथुरा में मेरे क्षेत्र के लोग अक्सर मुझसे कहते हैं कि बसंती का कोई डायलॉग बोलिए. इतने साल बीत जाने के बाद भी लोगों के दिलों में वह किरदार आज भी जिंदा है. यह मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी की बात है.

इंटरव्यू के दौरान हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के उस साथ का भी जिक्र किया, जिसने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा, ‘धर्म जी हमेशा मुझसे कहते थे कि कभी यह मत सोचना कि फिल्में कम कर रही हो, इसलिए सब खत्म हो गया है. तुम अपने डांस शो कर रही हो, दूसरी कई चीजों में हिस्सा ले रही हो.’

हेमा मालिनी ने आगे कहा, ‘धर्म जी कहते थे कि रुकना मत, बस इसी तरह आगे बढ़ती रहो. उन्हें हमेशा यह देखकर खुशी होती थी कि मैं किसी न किसी काम में व्यस्त रहती हूं. वह मेरी हर कोशिश की सराहना करते थे और हमेशा कहते थे कि जो कर रही हो, उसे कभी मत छोड़ना.’ उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र का यह भरोसा और प्रोत्साहन ही था, जिसने उन्हें हर दौर में सक्रिय बनाए रखा.

