Saturday, June 20, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशसीधी- गैस सिलेंडर से भरे ट्रक और बल्कर की भिड़ंत: आमने-सामने...

सीधी- गैस सिलेंडर से भरे ट्रक और बल्कर की भिड़ंत: आमने-सामने से टकराए दोनों वाहन, दोनों ड्राइवर की हालत गंभीर – Sidhi News




सीधी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हड़बड़ो में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रसोई गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक और एक बल्कर वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना में घायल दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शी दीपक तिवारी ने बताया कि बल्कर वाहन कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहा था, जबकि दूसरी ओर से गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पहुंचा। इसी दौरान दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि यदि गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो आसपास के मकानों को भारी नुकसान पहुंच सकता था और जनहानि भी हो सकती थी। दीपक तिवारी ने इस घटना को लेकर परिवहन एवं यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि रॉन्ग साइड और नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण इस तरह के गंभीर हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उपनिरीक्षक विवेक पांडे ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों के बीच टक्कर होने की पुष्टि हुई है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बल्कर वाहन का पंजीयन क्रमांक MP17 ZR 9493 है, जबकि गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक का पंजीयन क्रमांक MH40 CM 7231 है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments