सहारनपुर में नामी पावर टूल्स कंपनी के नकली उत्पादों की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी की शिकायत पर थाना कुतुबशेर पुलिस के साथ की गई छापेमारी में तीन दुकानों से बड़ी मात्रा में कथित नकली ब्लेड बरामद किए गए। शिकायत में स्थानीय दुकानदारों के साथ-साथ दिल्ली के कई सप्लायर्स को भी जिम्मेदार ठहराया गया है। राजस्थान निवासी मुकेश माल, जो दिल्ली स्थित एक निजी जांच एजेंसी में निदेशक एवं जांच अधिकारी हैं, ने थाना कुतुबशेर में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्हें लगातार सूचना मिल रही थी कि लोहानी सराय और गुरुद्वारा रोड क्षेत्र में एक्स्ट्रा पावर कंपनी के नाम से नकली ब्लेड बेचे जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सूचना देकर संयुक्त जांच कराई। शिकायत के अनुसार, 15 जून को पुलिस टीम के साथ लोहानी सराय मार्केट में जांच की गई। यहां अन्सारी पावर एंड टूल्स और जेडएस पावर टूल्स पर कंपनी के नाम से बेचे जा रहे ब्लेडों की जांच की गई, जिन्हें कंपनी प्रतिनिधि ने नकली बताया। अन्सारी पावर एंड टूल्स से 330 तथा जेडएस पावर टूल्स से 145 कथित नकली ब्लेड मिले। इसके बाद गुरुद्वारा रोड स्थित जुनेजा हार्डवेयर पर कार्रवाई की गई, जहां से 1500 ब्लेड बरामद किए गए। तीनों स्थानों से कुल 1975 ब्लेड मिलने का दावा किया गया है। बरामद माल को नियमानुसार सुपुर्दगी में देकर सुरक्षित रखा गया। शिकायत में कहा गया है कि पूछताछ के दौरान दुकानदारों ने माल दिल्ली स्थित विभिन्न व्यापारिक फर्मों से आने की बात बताई। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि नकली उत्पादों की बिक्री से कंपनी की साख को नुकसान पहुंच रहा है, सरकार को राजस्व हानि हो रही है और ग्राहक भी घटिया गुणवत्ता के कारण धोखाधड़ी का शिकार बन रहे हैं। शिकायतकर्ता ने संबंधित दुकानदारों तथा कथित सप्लायर फर्मों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सहारनपुर में एकस्ट्रा पावर के नकली ब्लेड बेचने का भंडाफोड़: तीन दुकानों पर छापेमारी में 1975 नकली ब्लेड मिले, दिल्ली के सप्लायर्स भी शामिल – Saharanpur News
RELATED ARTICLES

