सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परसागढ़ी दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या-8 में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मो. नौशाद की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह छह माह के एक मासूम बच्चे की मां थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार प्रियंका कुमारी ने करीब तीन वर्ष पूर्व गांव के ही शादीशुदा युवक मो. नौशाद से प्रेम विवाह किया था। ग्रामीणों का कहना है कि चार दिन पूर्व किसी पारिवारिक विवाद के बाद उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि समय रहते परिजनों ने उसका उपचार करा दिया था, जिससे उसकी जान बच गई थी। तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी परिजनों ने बताया कि शनिवार से प्रियंका को खून की उल्टियां होने लगी थीं। उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। गंभीर हालत में उसे अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद टीबी (क्षय रोग) की आशंका जताई और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया रविवार को परिजन उसे इलाज के लिए बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जदिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकिशोर मंडल ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Source link

