यात्री शेड का मंत्री और सांसद ने किया उद्घाटन
बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय सांसद कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से बिहार शरीफ प्रखंड के ग्राम पंचायत राज वियावानी के वियावानी गांव में नवनिर्मित यात्री शेड का उद्घाटन किया।
.
इस अवसर पर एक भावुक क्षण में, आपदा पीड़ित परिवार के मृतक कैलू रविदास की आश्रित पत्नी सबुजा देवी को पारिवारिक लाभ योजना के तहत ₹20,000 की सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया गया।
सरकार पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी
पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जान की क्षति की भरपाई तो मुमकिन नहीं है, लेकिन संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आपदा के समय राज्य सरकार के खजाने पर पहला हक पीड़ित परिवारों का ही होता है, इसीलिए यह राशि तुरंत स्वीकृत कर सौंपी गई है।
सफर होगा आसान, क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत
यात्री शेड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है। अब धूप, बारिश और हाड़ कंपाने वाली ठंड में लोगों को खुले में गाड़ियों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
शेड ग्रामीण और शहरी दोनों तरह के मुसाफिरों, विशेषकर छात्रों, बुजुर्गों और महिलाओं को बड़ी राहत देगा। राज्य सरकार परिवहन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जरूरत को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि आम आदमी का सफर सुरक्षित हो सके।
आपदा पीड़ित के आश्रित को चेक सौंपते मंत्री-सांसद।
अपराधमुक्त और सुशासन का नया बिहार
नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि अंधेरे से उजाले तक और संकल्प से सिद्धि तक का यह सफर नए बिहार की प्रेरक कहानी है। आज सूबे में बेहतर सड़कें, हर घर बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जब सत्ता संभाली थी, तब कानून का राज स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता थी।
सरकार ने ‘क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म’ (3C) से कभी कोई समझौता नहीं किया है और आज भी जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम जारी है। यदि किसी स्तर पर अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महिला सशक्तिकरण से बदली राज्य की तस्वीर
मंत्री श्रवण कुमार ने महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की बेटियां आज साइकिल से स्कूल जा रही हैं और खाकी वर्दी पहनकर देश की सेवा कर रही हैं। यह बदलाव सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यावहारिक है। लहलहाते खेत, मुस्कुराते किसान और सपनों से भरी नई पीढ़ी इस ऐतिहासिक परिवर्तन की साक्षी है।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि आज बिहार में चारों ओर विकास की गंगा बह रही है और देश-दुनिया में ‘बिहारी’ कहलाना आज बड़े गौरव और सम्मान की बात बन चुका है।

