भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए देशभर के रेलवे स्टेशनों पर फायर सेफ्टी ऑडिट कराने का फैसला किया है. रेलवे मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य स्टेशनों पर आग से जुड़ी संभावित रिस्क की पहचान करना और समय रहते जरूरी सुधार सुनिश्चित करना है. हाल के सालों में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाना रेलवे की प्राथमिकता बन गई है. इसी दिशा में यह विशेष ऑडिट अभियान शुरू किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक ऑफिशियल जांच नहीं होगी, बल्कि स्टेशनों की सुरक्षा तैयारियों की गहराई से समीक्षा की जाएगी. जहां भी सुरक्षा स्टैंडर्ड में कमी पाई जाएगी, वहां तुरंत सुधार कनरे के लिए कदम उठाए जाएंगे. रेलवे का लक्ष्य है कि देश के सभी प्रमुख और व्यस्त रेलवे स्टेशन फायर सेफ्टी के लिहाज से पूरी तरह सुरक्षित और तैयार रहें.
ऑडिट में किन चीजों की होगी जांच?
फायर सेफ्टी ऑडिट के दौरान रेलवे स्टेशनों की कई अहम व्यवस्थाओं की डिटेल जांच की जाएगी. इसमें स्टेशन भवनों की संरचना, इलेक्ट्रिकल सिस्टम, वायरिंग, एयर कंडीशनिंग (AC) और वेंटिलेशन सिस्टम की सुरक्षा का आकलन किया जाएगा. इसके अलावा फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर एक्सटिंग्विशर, पंपिंग सिस्टम और आग बुझाने के लिए मौजूद पानी की व्यवस्था की भी जांच होगी.
ऑडिट टीम यह भी देखेगी कि इमरजेंसी की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बनाए गए इमरजेंसी एग्जिट सही स्थिति में हैं या नहीं. कई स्टेशनों पर भीड़भाड़ को देखते हुए एक्जिट गेट की प्रभावशीलता की चेंकिंग भी की जाएगी. जरूरत पड़ने पर राज्य फायर विभाग और विशेषज्ञ एजेंसियों की मदद ली जाएगी, ताकि सुरक्षा स्टैंडर्ड का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जा सके.
जहां कमी मिलेगी, वहां होगा तुरंत सुधार
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ऑडिट के दौरान सामने आने वाली किसी भी खामी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. जिन स्टेशनों पर सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे. रेलवे का मानना है कि केवल समस्याओं की पहचान करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करना भी उतना ही जरूरी है.
इसके तहत पुराने डिवाइस को बदला जा सकता है, अतिरिक्त फायर फाइटिंग सिस्टम लगाए जा सकते हैं और कर्मचारियों को परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा सकता है. रेलवे स्टेशनों पर नियमित सुरक्षा अभ्यास (मॉक ड्रिल) आयोजित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत प्रोसेस को सुनिश्चित की जा सके.
यात्री करेंगे सुरक्षित सफर
देशभर में करोड़ों लोग हर दिन रेलवे सर्विसेस का उपयोग करते हैं. ऐसे में स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है. फायर सेफ्टी ऑडिट के जरिए यात्रियों को डबल फायदा होगा. पहला है कि इससे संभावित रिस्क की पहले से पहचान हो सकेगी और दूसरा फायदा है कि दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकेगा.
रेलवे का मानना है कि यह पहल न केवल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाएगी, बल्कि रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी. बेहतर सुरक्षा व्यवस्था से यात्रियों का भरोसा मजबूत होगा और उन्हें अधिक सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा. रेलवे का यह कदम सुरक्षा मानकों को नई ऊंचाई पर ले जाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए रेलवे नेटवर्क को बेहतर तरीके से तैयार करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है.

