सहारनपुर में किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर डीएम अरविंद कुमार चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों, चीनी मिल अधिकारियों, उप गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी के साथ बकाया भुगतान की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। डीएम ने भुगतान में लापरवाही बरतने वाली चीनी मिलों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान, डीएम ने चीनी मिल टोडरपुर के शेयर होल्डर राणा ग्रुप को पेराई सत्र 2024-25 का बकाया गन्ना मूल्य अब तक न चुकाने पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और बकाया भुगतान में अनावश्यक देरी होने पर जवाबदेही तय की जाएगी। मिल प्रबंधन भुगतान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें डीएम ने चीनी मिल गागलहेड़ी, बिड़वी और गांगनौली के यूनिट हेड को भी निर्देशित किया कि पेराई सत्र 2025-26 का बकाया गन्ना मूल्य जल्द से जल्द किसानों के खातों में भेजा जाए। उन्होंने जोर दिया कि गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति भुगतान पर निर्भर करती है, इसलिए मिल प्रबंधन भुगतान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, चीनी मिल टोडरपुर पर पेराई सत्र 2024-25 का लगभग 20 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं, पेराई सत्र 2025-26 के अंतर्गत चीनी मिल गागलहेड़ी पर 14.75 करोड़ रुपये, बिड़वी पर 21.58 करोड़ रुपये और गांगनौली चीनी मिल पर 124.16 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान लंबित है। इस प्रकार, चारों मिलों पर किसानों का कुल 180 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बकाया भुगतान की नियमित निगरानी की जाए और प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने दोहराया कि किसानों के हितों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक में उप गन्ना आयुक्त ओमप्रकाश सिंह, जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य, विभिन्न चीनी मिलों के यूनिट हेड, राणा ग्रुप के प्रतिनिधि, किसान संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Source link
चार चीनी मिलों पर 180 करोड़ से अधिक बकाया: सहारनपुर में DM ने लगाई फटकार, जल्द गन्ना भुगतान के दिए निर्देश – Saharanpur News
RELATED ARTICLES

