Thursday, May 21, 2026
Homeराज्यमध्यप्रदेशनए एसपी का कोतवाली थाने में औचक निरीक्षण: सिविल ड्रेस में...

नए एसपी का कोतवाली थाने में औचक निरीक्षण: सिविल ड्रेस में पहुंचे, पहचान नहीं सका हेड कॉन्स्टेबल; टीआई भी मिले नदारद – Morena News




नवागत एसपी धर्मराज मीणा ने बुधवार देर रात सिविल ड्रेस में शहर कोतवाली थाने का औचक निरीक्षण किया। सादे कपड़ों में होने के कारण थाने में मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें पहचान नहीं सके। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी नदारद मिले, जिन्हें एसपी ने तुरंत तलब किया। वहीं, थाने में गंदगी और टूटी कुर्सियां देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए हैं। देर शाम करीब 8 बजे जब एसपी धर्मराज मीणा अचानक थाने पहुंचे, तो वहां तैनात हेड कॉन्स्टेबल वृंदावन उन्हें पहचान नहीं सका। हालांकि, एसपी ने सादगी दिखाते हुए इस बात पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की। इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल ही उन्हें थाने के अंदर ले गया। इसी बीच अचानक थाने की बिजली गुल हो गई। बाद में मौके पर मौजूद एसआई पवन भदौरिया ने एसपी को पूरे थाने का भ्रमण करवाया। निरीक्षण के दौरान नदारद मिले थाना प्रभारी
एसपी जब औचक निरीक्षण कर रहे थे, तब सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया थाने पर मौजूद नहीं थे। स्टाफ ने अधिकारियों को बताया कि टीआई साहब अपने बंगले पर हैं। इसके बाद एसपी के निर्देश पर टीआई को तुरंत कॉल कर थाने बुलाया गया। टूटी कुर्सियां और गंदगी देख जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्टाफ और आमजन के लिए रखी टूटी कुर्सियां और थाना परिसर में गंदगी देखी, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने तुरंत टूटी कुर्सियां हटाने और भविष्य में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। एसपी ने सीसीटीएनएस (CCTNS) रूम, चालू हालात में कंप्यूटर-प्रिंटर और महिला डेस्क का भी जायजा लिया। सीएम हेल्पलाइन के निराकरण पर दी शाबाशी
कड़ी हिदायतों के बीच, एसपी धर्मराज मीणा ने सीएम हेल्पलाइन और अन्य लंबित प्रकरणों में अच्छा काम करने के लिए कोतवाली टीम की पीठ भी थपथपाई। उन्होंने स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि अच्छे काम का यह क्रम आगे भी इसी तरह जारी रहना चाहिए। ’15 दिन के भीतर हो अपराधी की गिरफ्तारी’
एसपी ने थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में अपराधियों द्वारा की जाने वाली फायरिंग की घटनाएं तुरंत रुकनी चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “अपराधियों पर ठोस कार्रवाई करें। घटना के 15 दिन के भीतर केस का निराकरण और आरोपी की गिरफ्तारी हर हाल में होनी चाहिए।” एसपी ने जोर देकर कहा कि कोई भी काम पेंडिंग न रहे और शहर में पुलिस का इकबाल बुलंद होना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि थाने में किसी भी सामग्री की आवश्यकता हो तो उन्हें बताएं, वह तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments