बूंदी के ईश्वरी सिंह खेल संकुल में तीसरे साप्ताहिक स्वैच्छिक श्रमदान अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों और जागरूक नागरिकों ने परिसर की साफ-सफाई की। उन्होंने संदेश दिया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सभ्य और संस्कारित समाज की पहचान है।
सुबह के समय खेल संकुल परिसर में श्रमदान शुरू हुआ, जिसमें सेवा भावना और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल रहा। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह चुंडावत, सांख्यिकी निरीक्षक विकास हाड़ा, आयुर्वेद विभाग के पीएमओ डॉ. सुनील कुशवाह, जिला हैंडबॉल संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी और जिला ओलंपिक संघ सचिव रामसिंह पंवार विशेष रूप से मौजदू रहे। इनके अलावा, कबड्डी खिलाड़ी बुद्धिप्रकाश गोचर, योग प्रशिक्षक भूपेंद्र योगी, एथलेटिक्स खिलाड़ी सुदर्शन मीणा, खो-खो खिलाड़ी सियाराम गोचर, जूडो खिलाड़ी शुभम सैनी और धर्मराज गुर्जर सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ियों एवं खेल प्रशिक्षकों ने भी श्रमदान किया। सभी ने मिलकर परिसर में फैले अनावश्यक कूड़ा-करकट, खरपतवार और घास को एकत्रित कर कचरे का उचित निस्तारण किया।
सामूहिक प्रयासों से खेल संकुल परिसर को अधिक स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया गया। जिला खेल अधिकारी चुंडावत ने बताया कि प्रत्येक बुधवार को सुबह 7 बजे से स्वैच्छिक स्वच्छता एवं श्रमदान किया जाता है। इसमें प्रशासन और आमजन मिलकर खेल संकुल की स्वच्छता में योगदान देते हैं। उन्होंने आमजन से इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।
Source link

