भरतपुर शहर में शनिवार रात आधे घंटे के भीतर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दो व्यापारियों को गोली मार दी। पहली वारदात में किराना व्यापारी से करीब 60 हजार रुपए से भरा बैग लूट लिया गया और उन्हें गोली मार दी गई। इसके कुछ देर बाद दूसरी वारदात में बर्तन व्यापारी से 5 लाख रुपए लूटने की कोशिश की गई। व्यापारी के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पेट में गोली मार दी, हालांकि रुपए नहीं लूट सके। दोनों घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बदमाशों की तलाश के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया है। पहली वारदात… दुकान बंद कर लौट रहे किराना व्यापारी को मारी गोली घायल व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल के बेटे निशांक (निशु) मित्तल ने बताया कि उनके पिता की मथुरा गेट इलाके में मित्तल प्रोविजन स्टोर के नाम से किराना दुकान है। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 9:15 बजे घर से लगभग 400 मीटर पहले बिजलीघर चौराहे के पास बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पीछे आ गए। कट्टा दिखाकर छीना बैग, फिर तीन राउंड फायर किए निशांक ने बताया कि बदमाशों ने कट्टा दिखाकर कहा, ‘जल्दी बैग दे।’ जान बचाने के लिए उनके पिता ने बिना विरोध किए करीब 60 हजार रुपए से भरा बैग बदमाशों को सौंप दिया। इसके बावजूद बदमाशों ने पीछे से तीन राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली प्रमोद मित्तल की गर्दन के पिछले हिस्से (कंधे के पास) लगी और वे सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। एम्बुलेंस का इंतजार नहीं किया, बाइक से अस्पताल पहुंचे घटना के बाद निशांक ने अपने घायल पिता को बाइक पर बैठाकर सीधे आरबीएम अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अगर एम्बुलेंस का इंतजार करते तो काफी खून बह जाता और हालत और गंभीर हो सकती थी। डॉक्टरों के अनुसार गोली अभी शरीर में फंसी हुई है, जिसे ऑपरेशन के जरिए निकाला जाएगा। फिलहाल उनका इलाज जारी है। दूसरी वारदात… प्लॉट खरीदने के लिए लाए थे 5 लाख रुपए दूसरी घटना में सुभाष नगर निवासी चंद्रभान (46) को निशाना बनाया गया। बेटे केशव ने बताया कि चंद्रभान अनाह गेट पर बर्तनों की दुकान चलाते हैं। शनिवार को वे मथुरा में अपने रिश्तेदार के यहां प्लॉट खरीदने के लिए 5 लाख रुपए उधार लेने गए थे। रुपए लेकर बाइक से भरतपुर लौटते समय कुछ बदमाश रास्ते से ही उनके पीछे लग गए। बैग छीनने का विरोध किया तो पेट में मारी गोली चंद्रभान जब अनोखी होटल के पास पहुंचे तो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन चंद्रभान ने बैग नहीं छोड़ा। इस पर बदमाशों ने उनके पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बावजूद बदमाश बैग छीनने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। घायल चंद्रभान को भी आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचे व्यापारी, सुरक्षा व्यवस्था पर जताया आक्रोश दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही शहर के व्यापारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग आरबीएम अस्पताल पहुंच गए। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शहर में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना था कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, 10 टीमें जांच में जुटीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा दोनों घटनास्थलों पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुजल्द ही दोनों वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

