राजस्थान में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन के साथ रात भी तपने लगी है। इस सप्ताह राज्य के पश्चिमी के साथ उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी गर्मी तेज होगी। मौसम विभाग ने 18 और 19 मई को 19 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इन शहरों का अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की संभावना है। उधर, रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन शहरों के साथ फलोदी, चित्तौड़गढ़ में भी तेज गर्मी रही। हनुमानगढ़ में रात भी गर्म होने लगी है। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… ये शहर सबसे गर्म रहे पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के सभी शहरों में रविवार को आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। दिन में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही, जहां का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में अधिकतम तापमान 45, जैसलमेर में 44.9, चित्तौड़गढ़ में 44.6, फलोदी में 44.8, कोटा, वनस्थली (टोंक) में 44.2, श्रीगंगानगर में 44.1, जोधपुर में 43.8, चूरू में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन शहरों की रात भी गर्म हो रही हनुमानगढ़ में रविवार को सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस (रात में) दर्ज हुआ। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 32.6, बाड़मेर में 32, फलोदी में 32.2, जोधपुर में 31.1, कोटा में 30.1 और जैसलमेर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इन सभी शहरों की रातें भी गर्म (वार्म नाइट) रहने लगी हैं। राजस्थान के शहरों में मौसम का हाल… जयपुर : पारा एक डिग्री चढ़ा जयपुर में रविवार सुबह से देर शाम तक तेज धूप रही। लगातार तीसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री चढ़कर 42.7 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। दिन में कुछ इलाकों में हल्की गर्म हवा चली। रात में भी जयपुर में तेज गर्मी रही। यहां न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले तीन-चार इसी तरह का मौसम रहने और तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। कोटा : तापमान 44 डिग्री पार कोटा में तेज गर्मी बरकरार है। रविवार को कोटा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री रहा। रविवार को कोटा की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सड़कों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम गाड़ियां दिखीं। लोग सुबह 11 से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर निकलने में कतरा रहे हैं। कोटा में गौशालाओं में भी कूलर लगाए गए हैं और गायों पर पानी की बौछार दिन में दो तीन बार की जा रही है। अजमेर : सताने लगी है गर्म हवा अजमेर में भीषण गर्मी पड़ रही है। रविवार सुबह से ही गर्म हवा चलने लगी थी। दिनभर तेज धूप खिली रही। लू के थपेड़ों ने आमजनों को परेशान किया। दोपहर को शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 40.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री बढ़कर 28.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। अलवर : दो दिन हीटवेव का अलर्ट अलवर में रविवार दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर तेज रहा। लोगों को गर्म हवा की तपिश झेलनी पड़ी। अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिन हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। उदयपुर : टूरिस्ट स्पॉट खाली हुए उदयपुर में रविवार को तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री था। यह रविवार को बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस भीषण गर्मी के चलते शहर के टूरिस्ट स्पॉट पर सन्नाटा पसरा रहा। पिछोला और फतेहसागर झील के वोटिंग पॉइंट पूरी तरह सूने पड़े रहे। जोधपुर : तापमान सामान्य से अधिक जोधपुर में गर्मी का दौर जारी है। रविवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। इससे दिन के साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहा। सीकर : मौसम साफ रहा सीकर में रविवार पूरे दिन मौसम साफ रहा। अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री की बढ़ोतरी होने के बाद तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में सड़कों पर एक भी वाहन नजर नहीं आया। लोग घरों में कैद रहे।
Source link

