भीषण गर्मी और तेज हीट वेव के बीच, जब अधिकांश लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, ऐसे समय में टीम “आवर फॉर नेशन” के सदस्यों ने शनिवार सुबह समाज सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया। टीम ने बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित एस्केलेटर एंट्री की पार्किंग और सजावटी क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र की गहन सफाई कर लगभग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा हटाया गया। टीम के सदस्यों ने धूल, प्लास्टिक कचरा, पुराने बैनर और अन्य गंदगी हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप दिया। स्टेशन पर वैसे तो सफाई कर्मचारी है लेकिन वो रेलवे प्लेटफॉर्म तक ही सीमित रहते हैं, ऐसे में ऑवर फॉर नेशन की टीम ने स्टेशन के उस हिस्से को साफ कर दिया, जो आमतौर पर कचरे से भरा दिखता है। एक से डेढ़ घंटे में ही उस हिस्से की तस्वीर बदल गई। हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम टीम के सदस्य और सीए सुधीश शर्मा ने बताया कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि नागरिक जिम्मेदारी है। “हर सप्ताह कुछ समय राष्ट्र के नाम” की भावना के साथ टीम लगातार शहर में स्वच्छता और जनजागरण के कार्य कर रही है। इस टीम में शहर के कई इंजीनियर, स्कूल-कॉलेज संचालक, टीचर, डॉक्टर, सीए, वकील, एकाउंट स्पेशलिस्ट्स शामिल है। विशेष बात यह रही कि टीम के संचालक शर्मा शहर से बाहर होने के बावजूद सदस्यों का उत्साह कम नहीं हुआ। टीम ने पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अभियान को सफल बनाया। यात्रियों और आमजन ने की सराहना रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर चलाए गए इस अभियान की यात्रियों और आमजन ने भी सराहना की। अभियान में सीए वसीम रज़ा, पुरुषोत्तम शर्मा, गुरमोहन सेठी, इन्द्र सिंह, गजेंद्र सिंह, बसंत, भवानी सिंह राजपुरोहित, डॉ. रेखा श्रीवास्तव, दीपा सिंह, वंदना शर्मा, चन्द्र कला उपाध्याय, डॉ. फारूक अहमद, किशोर भाटिया, मो. हसन, मानक व्यास, रामहंस मीना, राजू ड्रेसर और महेंद्र तिवारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Source link

