सहरसा के चिडैया थाना क्षेत्र के साम्हरखुर्द गांव में मंगलवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य विजय सिंह (62) की गोली मारकर हत्या कर दी।
.
विजय सिंह अपने खलिहान में मक्का की फसल की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें खगड़िया जिला अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मामले की जांच जारी, जुटाए जा रहे सबूत
सिमरी बख्तियारपुर के प्रभारी एसडीपीओ मो. सुजाउद्दीन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए इलाके में छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद के कारण हत्या की आशंका जताई गई है।
शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन
विजय सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली जनप्रतिनिधि थे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे। उनकी हत्या से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताया है। वे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।

