उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के एक पैट्रोलिंग कैंप में सुरक्षा श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। यह घटना कल्लवाह परिक्षेत्र के कुम्हर्रा कैंप में हुई। मृतक की पहचान रामचरण बैगा के रूप में हुई है।
.
बताया जा रहा है कि सोमवार रात को खाना खाने के बाद रामचरण की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद वह सोने चला गया। मंगलवार सुबह जब उसके साथ रहने वाले लोग अपने काम में जाने लगे तो उन्होंने रामचरण को बीमार समझकर नहीं उठाया, लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं उठा और उसे अचेत पाया गया तो जांच करने पर उसकी मौत की पुष्टि हुई।
इसके बाद सहयोगियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस और टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है।
परिक्षेत्र अधिकारी महावीर पांडे ने बताया कि सुरक्षा श्रमिक की मौत हो गई है और प्रबंधन उनके परिवार को हरसंभव मदद देगा। उन्होंने यह भी बताया कि रामचरण सोमवार रात से ही अस्वस्थ महसूस कर रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

