बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सोनपा गांव निवासी अनीश कुमार (22), पिता शिव शंकर राम नहाने के दौरान कर्मनाशा नदी में डूब गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और परिवार में कोहराम मच गया।
.
मिली जानकारी के अनुसार, अनीश बुधवार को अपने दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही नदी में नहाने गया था। नहाते-नहाते वह गहरे पानी की ओर चला गया। चूंकि अनीश को तैरना नहीं आता था, वह डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और गोताखोर जुटे
घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना अध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि युवक की तलाश जारी है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना की सूचना सबसे पहले ग्रामीण नीलू खरवार ने पुलिस को दी थी।
गांव और घर में मातम
अनीश गुजरता में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। ग्रामीणों ने बताया कि वह मेहनती और शांत स्वभाव का लड़का था। उसकी अचानक हुई इस घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजन बार-बार नदी किनारे जाकर अपने बेटे को देखने की गुहार लगा रहे हैं।
प्रशासन ने की अपील
फिलहाल पुलिस और ग्रामीण गोताखोर युवक की खोज में लगे हैं। थाना अध्यक्ष का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तलाश जारी रहेगी।

