गोपालगंज में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। भोरे थाना क्षेत्र में अपने मामा के घर आई नाबालिग को इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद अगवा कर लिया गया। उसकी सुरक्षित वापसी के लिए 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। इस संबंध में भोरे थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित नाबालिग लड़की भोरे थाना क्षेत्र स्थित अपने मामा के घर आई हुई थी। इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी रामनाथ तिवारी के बेटे निखिल तिवारी से हुई। आरोप है कि निखिल ने इंस्टाग्राम, सामान्य फोन कॉल और व्हाट्सएप कॉल के जरिए नाबालिग से नजदीकियां बढ़ाईं। नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया बीती 18-19 जून 2026 की देर रात आरोपी निखिल तिवारी कथित तौर पर नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। सुबह जब परिजनों को लड़की के गायब होने का पता चला, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान, आरोपी निखिल के बड़े भाई सोनू कुमार तिवारी ने पीड़ित परिवार को फोन किया। उन्होंने लड़की की सुरक्षित वापसी के बदले 5 लाख रुपये नकद फिरौती की मांग की। पैसे मिलने के बाद ही लड़की को छोड़ा जाएगा – परिवार पीड़ित परिवार जब न्याय और अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में आरोपी के पैतृक गांव सलेमपुर पहुंचा, तो वहां स्थिति और गंभीर हो गई। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपी के पिता रामनाथ तिवारी और उसकी माता ने न केवल अपने बेटे निखिल तिवारी को संरक्षण दिया, बल्कि उन्होंने भी फिरौती की मांग का समर्थन किया। आरोपी के पूरे परिवार ने कहा कि पैसे मिलने के बाद ही लड़की को छोड़ा जाएगा।
Source link

