हरपालपुर (सवायजपुर), हरदोई10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मृतक किसान जयसिंह ( फाइल फोटो)
उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई की हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के खरगपुर गांव में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत से घर लौटते समय किसान जयसिंह (45) की मौत करंट लगने से हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने घर से महज दस मीटर की दूरी पर थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में लगे एलटी लाइन के पोल के पास अचानक करंट की चपेट में आने से जयसिंह गंभीर रूप से झुलस गए।
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गांव के लोगों ने आनन-फानन उन्हें सीएचसी हरपालपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। जयसिंह की पत्नी का निधन पहले ही हो चुका था। ऐसे में उनके तीन मासूम बच्चों—एक पुत्र और दो पुत्रियों—के सिर से पिता का साया भी उठ गया। पिता की मौत की सूचना मिलते ही तीनों बच्चे बिलख पड़े और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
गांव के लोग बताते हैं कि जयसिंह मेहनतकश किसान थे और परिवार की आजीविका खेती से ही चलाते थे। अब बच्चों के सामने भविष्य की चिंता सबसे बड़ी समस्या बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है। कई बार पुराने खंभों और ढीले तारों की शिकायतें की गईं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
पुलिस ने दी ये जानकारी
सूचना मिलते ही हरपालपुर कोतवाल निर्भय सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

