सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : अखंड आस्था के 1000 वर्ष’ के अवसर पर सोमवार को सोमनाथ महादेव मंदिर में मनाया गया। कार्यक्रम गुजरात के सोमनाथ मंदिर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। मीन भगवान मंदिर से सोमनाथ मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। भजन एवं संकीर्तन में कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए। अतिथियों ने भगवान सोमनाथ की पूजा-अर्चना की तथा भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया गया। एडीएम अरविंद शर्मा ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास और भारतीय संस्कृति में उसका महत्व बताते हुए कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान, साहस और पुनर्निर्माण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों को अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़ने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर नगर परिषद की पूर्व सभापति कल्पना जैमन, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला, जिला परिषद सीईओ बिरदी चंद गंगवाल, सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जैमन, विपिन जैन, लायंस क्लब के प्रांतीय अध्यक्ष मनोहर लाल गुप्ता, महामंत्री राजेश पारीक, नगर परिषद अधिशासी अभियंता केसी मीणा, तहसीलदार गजानंद मीणा, देवस्थान विभाग के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मुकेश, विषय विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. विकास, कृतिका चंदेल, जिला समन्वयक स्वीप डॉ. रामवीर चौधरी मौजूद रहे। संस्कृत कॉलेज में मनाया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ दौसा के संस्कृत कॉलेज में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर प्राचार्य सीताराम गुर्जर के नेतृत्व में द्वादश ज्योतिर्लिंग स्तुति का सामूहिक पाठ, शिव मंत्र-जप, वैदिक मंगलाचरण, भाषण प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। स्टूडेंट्स ने भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा, सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक पुनरुत्थान तथा भारतीय संस्कृति में शिवोपासना के महत्व पर विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कॉलेज परिसर वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिवभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में शिवमय बना रहा। 12 मई को यहां पहुंचेगा ग्राम रथ अभियान राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए चल रहे ग्राम रथ अभियान के तहत 12 मई को दौसा विधानसभा क्षेत्र छारेड़ा, बैजवाड़ी, कालीखाड़ और थूमड़ी में कार्यक्रम होंगे। इसी प्रकार लालसोट क्षेत्र में अमराबाद, बिडोली, निजामपुरा और कंवरपुरा में आयोजन किया जाएगा। बांदीकुई क्षेत्र में धान्धोलाई और रलावता में कार्यक्रम होंगे। इसी तरह सिकराय क्षेत्र में झापड़वास, सराय, नांगल चांपा और गोठड़ा में जनजागरुकता गतिविधियां आयोजित होंगी। महवा क्षेत्र में गहनौली, सांथा, बरीतकी और खौंचपुरी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 मई से लगेंगे आयुर्वेद चल चिकित्सा कैंप राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की ओर से 19 से 22 मई तक बसवा तहसील के अनुसूचित जाति बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में पांच दिवसीय आयुर्वेद चल चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। संयुक्त निदेशक (प्रशासन) जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि शिविरों में आयुर्वेद विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक औषधियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। कलेक्टर की रात्रि चौपाल कल दौसा कलेक्टर डॉ. सौम्या झा की अध्यक्षता में 12 मई मंगलवार को पंचायत समिति नांगल राजावतान की ग्राम पंचायत थूमड़ी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा। सहायक निदेशक लोक सेवाएं एवं एडीएम अरविन्द शर्मा ने बताया कि रात्रि चौपाल में सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे एवं मौके पर लोगों की जनसुनवाई कर समस्याओं का निस्तारण करेंगे।
Source link

