सिंगरौली में घना कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 10 मीटर दर्ज की गई।
सिंगरौली में सोमवार को हफ्ते की शुरुआत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के साथ हुई। सोमवार सुबह घरों से निकले लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ा। सुबह 9 बजे तक कई इलाकों में विजिबिलिटी मात्र 10 मीटर दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
.
नवानगर और अमलोरी इलाकों में कोहरे का अधिक असर
शहर के कॉलेज चौक से नवानगर और अमलोरी इलाकों में कोहरे का सबसे अधिक असर देखा गया। इसके अलावा, सरई, माड़ा, देवसर और चितरंगी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठंड का व्यापक प्रभाव रहा।
घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन धीमी गति से चले, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
जिले में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम तापमान
सोमवार को सिंगरौली जिले का अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और देर रात ठंड का प्रभाव अधिक रहा, जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिली।
वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आगामी एक हफ्ते तक सिंगरौली जिले में ठंड का असर बना रहेगा। सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रशासन ने वाहन चालकों को कोहरे के दौरान सतर्कता बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी है। ठंड और कोहरे के इस दौर में आमजन को भी सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

