लखीमपुर खीरी के महेवागंज क्षेत्र में मंगलवार को एक कारखाने में जनरेटर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोरी, एक युवक और कारखाने का एक कर्मचारी घायल हो गए। विस्फोट इतना भीषण था कि जनरेटर का भारी पहिया दो हिस्सों में टूटकर दूर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जनरेटर का एक पहिया लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक घर की टीन शेड पर जा गिरा। तेज धमाके के साथ टीन शेड फट गई और पहिया घर में मौजूद महिला पर गिरने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। जनरेटर के पहिये का दूसरा हिस्सा लखीमपुर से पलिया जा रही एक बस पर गिरा। धमाके के कारण बस की छत फट गई और लोहे का टुकड़ा बस के अंदर जा घुसा, जिससे बस में सवार एक किशोरी और एक युवक घायल हो गए। इस हादसे में कारखाने का एक कर्मचारी भी चोटिल हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
लखीमपुर में जनरेटर फटा, महिला की मौत, तीन घायल: दो हिस्सों में टूटकर दूर गिरा पहिया, घर का टीन शेड टूटा, बस की छत फटी – Lakhimpur-Kheri News
RELATED ARTICLES

