संभल में 24 कोसीय मासिक परिक्रमा समिति द्वारा आयोजित मासिक परिक्रमा रविवार को संपन्न हुई। मूसलाधार बारिश, कीचड़ और दुर्गम कच्चे मार्गों के बावजूद श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ परिक्रमा पूरी की। इस दौरान परिक्रमा मार्ग “हर-हर महादेव”, “जय श्री वंशगोपाल” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा। परिक्रमा सुबह 6:30 बजे शुरू होकर दोपहर 4 बजे समाप्त हुई। परिक्रमा संभल के थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव बैनीपुर चक स्थित श्रीवंशगोपाल तीर्थ से शुरू हुई। इसमें 68 तीर्थों और 19 कूपों की यात्रा शामिल थी। पंडित शिवओम शुक्ला ने पवित्र कुंड में देवताओं और पितरों को जल अर्पित कराकर परिक्रमा का शुभारंभ किया। इसके बाद पंडित विशाल शर्मा ने संभलेश्वर भोलेनाथ की आरती की। श्रद्धालुओं ने पवित्र कदंब वृक्ष और तीर्थ की परिक्रमा की, जिसके उपरांत महंत भगवद प्रिय महाराज ने सभी श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर परिक्रमा के लिए रवाना किया। देखें, 3 तस्वीरें… परिक्रमा शुरू होते ही मार्ग में कई स्थानों पर भारी जलभराव और कीचड़ के कारण चार पहिया वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। कुछ वाहन कीचड़ में फंस गए, जिससे उन्हें वापस लौटना पड़ा और वे सीधे प्रमुख तीर्थों के दर्शन के लिए आगे बढ़े।
परिक्रमा भुवनेश्वर तीर्थ पहुंची, जहां पंडित विशाल शर्मा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की स्तुति में रुद्राष्टकम का सामूहिक पाठ किया। इसके बाद गांव फिरोजपुर स्थित मां चामुंडा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। नैमिषारण्य तीर्थ पर महंत बालयोगी दीनानाथ ने सिद्ध समाधि बाबा क्षेमनाथ महाराज के दर्शन किए।
श्रद्धालुओं ने गांव भवानीपुर और गांव चंदायन स्थित प्राचीन शिव मंदिरों में भगवान शिव का पूजन और जलाभिषेक किया। श्रीवंशगोपाल धाम लौटकर मासिक 24 कोसीय परिक्रमा का समापन हुआ। इस अवसर पर राज कुमार शर्मा, जसपाल सिंह, रामकिशन ठकराल, अंकित अग्रवाल, पंडित विशाल शर्मा, राजू टेंट, आशीष गुप्ता, सरिता गुप्ता, अर्जुन सिंह, अमित शर्मा और सत्यवीर सिंह सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Source link
संभल में 24 कोसीय परिक्रमा संपन्न: बारिश और कीचड़ के बावजूद श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ यात्रा की – Sambhal News
RELATED ARTICLES

