Tuesday, July 14, 2026
Homeबिज़नेसराम बनकर दिल जीतने से पहले रणबीर कपूर ने अयोध्या में करोड़ों...

राम बनकर दिल जीतने से पहले रणबीर कपूर ने अयोध्या में करोड़ों का ये काम


नई दिल्ली. बॉलीवुड सितारे सिर्फ फिल्मों से कमाई नहीं करते, बल्कि अपनी दौलत बढ़ाने के लिए अलग अलग जगह निवेश भी करते हैं. कोई स्टार्टअप में पैसा लगाता है तो कोई शेयर बाजार में. वहीं कुछ सितारे रियल एस्टेट को सबसे सुरक्षित निवेश मानते हैं. इसी कड़ी में अब रणबीर कपूर का नाम भी तेजी से चर्चा में है. उन्होंने हाल के महीनों में दो बड़े प्रॉपर्टी सौदे किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 20 करोड़ रुपये है. मीडिया रिपोर्ट्स और रियल एस्टेट डेटा एनालिटिक्स फर्म सीआरई मैट्रिक्स के मुताबिक, रणबीर कपूर ने महाराष्ट्र के पुणे और उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जमीन खरीदी है. एक तरफ उन्होंने पुणे में कई बड़े भूखंड खरीदे हैं, वहीं दूसरी तरफ राम मंदिर के बाद तेजी से विकसित हो रहे अयोध्या में भी प्रीमियम प्रोजेक्ट में निवेश किया है.

रणबीर कपूर ने पुणे के मुलशी तालुका के पिंपरी गांव में कुल 4 भूखंड खरीदे हैं. इनकी कुल कीमत 16.42 करोड़ रुपये बताई गई है. इन सभी सौदों की रजिस्ट्री 30 अप्रैल को हुई थी. इन जमीनों के लिए उन्होंने कुल 82.13 लाख रुपये का स्टाम्प शुल्क भी चुकाया. खरीदे गए भूखंडों का आकार 8,900 वर्ग मीटर से लेकर 43,800 वर्ग मीटर तक है. सबसे बड़ा भूखंड 43,800 वर्ग मीटर का है, जिसे 7.07 करोड़ रुपये में खरीदा गया. इस पर 35.40 लाख रुपये का स्टाम्प शुल्क चुकाया गया. वहीं 29,900 वर्ग मीटर का दूसरा बड़ा प्लॉट 4.62 करोड़ रुपये में खरीदा गया, जिस पर 23.13 लाख रुपये स्टाम्प शुल्क दिया गया.

अयोध्या में भी खरीदी प्रीमियम प्रॉपर्टी

रणबीर कपूर ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भी एक प्रीमियम रिहायशी प्रोजेक्ट में निवेश किया है. उन्होंने ‘द सरयू’ नाम के प्रोजेक्ट में 2,134 वर्ग फुट का प्लॉट खरीदा है. इस सौदे की कीमत करीब 3.31 करोड़ रुपये बताई गई है. यह प्रोजेक्ट सरयू नदी के किनारे करीब 75 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है. इसमें लग्जरी सुविधाओं के साथ हाई एंड रिहायशी प्रॉपर्टी बनाई जा रही है.

अयोध्या को लेकर क्या बोले रणबीर कपूर?

अयोध्या में निवेश को लेकर रणबीर कपूर ने कहा कि उन्हें लगता है जैसे अयोध्या ने उन्हें खुद बुलाया है. उनके मुताबिक, अयोध्या भारत के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा है. उन्होंने कहा कि सरयू नदी के किनारे यह निवेश उनके परिवार की विरासत का हिस्सा बनेगा.

अमिताभ बच्चन भी कर चुके हैं निवेश

रणबीर कपूर से पहले बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी इसी प्रोजेक्ट में निवेश कर चुके हैं. उन्होंने ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में करीब 15,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी. इस सौदे की कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये बताई गई थी.

क्यों बढ़ रहा है अयोध्या का आकर्षण?

राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में रियल एस्टेट की मांग तेजी से बढ़ी है. होटल, टाउनशिप, लग्जरी हाउसिंग और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स में लगातार निवेश हो रहा है. देश के बड़े कारोबारी और कई सेलिब्रिटी भी यहां प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं. ऐसे में रणबीर कपूर का यह निवेश भी इसी बढ़ते ट्रेंड का हिस्सा माना जा रहा है.

रियल एस्टेट क्यों बन रहा है पसंदीदा निवेश?

रियल एस्टेट को लंबे समय से ऐसी संपत्ति माना जाता है, जिसकी कीमत समय के साथ बढ़ने की संभावना रहती है. खासकर उन शहरों और धार्मिक स्थलों में, जहां तेजी से विकास हो रहा हो. यही वजह है कि कई बड़े निवेशक अब शेयर बाजार के साथ साथ जमीन और प्रॉपर्टी में भी पैसा लगा रहे हैं. रणबीर कपूर का ताजा निवेश भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.



Source link

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments