बैतूल जिले के भैंसदेही में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद प्रशासन पर जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए एक कार्यकर्ता को ‘कुंभकर्ण’ का रूप देकर ठेले पर लिटाया और मरही माता चौक से नगर परिषद कार्यालय तक रैली निकाली। प्रदर्शन के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के.एस. उईके को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक धर्मु सिंह, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रानू ठाकुर और शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मोरे ने किया। सीएमओ ने ज्ञापन लेने के बाद 15 दिनों के भीतर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। देखिए दो तस्वीरें… भू-अधिकार पट्टों के वितरण में देरी का लगाया आरोप कांग्रेस ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में करीब 95 हितग्राहियों को स्वीकृत मुख्यमंत्री भू-अधिकार पट्टों का अब तक वितरण नहीं किया गया। इसके कारण पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ज्ञापन में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होने, बरसात में कीचड़ और दुर्घटना की आशंका, शनिवार बाजार में पार्किंग व्यवस्था के बावजूद कथित अवैध वसूली, खुले पाइपलाइन चैंबरों से दूषित पानी की आपूर्ति, नियमित सफाई और पेयजल व्यवस्था में कमी जैसे मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा अतिक्रमण हटाने में पक्षपात, नियम विरुद्ध नियुक्तियों और प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 की दूसरी किस्त जल्द जारी करने की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में नगर परिषद प्रशासन को जगाने के लिए ‘कुंभकर्ण’ का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। सीएमओ के.एस. उईके ने सभी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
Source link
भैंसदेही में कुंभकर्ण बनाकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन: पट्टा वितरण, सड़क मरम्मत सहित कई मांगें उठाईं, सीएमओ ने पंद्रह दिन का आश्वासन दिया – Betul News
RELATED ARTICLES

