बिहार में एनडीए की जीत के बाद देशभर की तरह विदिशा में भी जश्न मनाया गया। शुक्रवार को विधायक मुकेश टंडन ने माधवगंज चौराहे पर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मिठाई बांटी और पटाखे फोड़े।
.
इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिवराज सिंह चौहान और जे.पी. नड्डा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक मुकेश टंडन ने इस अवसर पर कहा कि आज पूरे देश में एनडीए और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता न केवल जश्न मना रहे हैं, बल्कि बिहार की जनता द्वारा दिए गए जनादेश के लिए उनका धन्यवाद भी कर रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बिहार की जनता से किए गए आग्रह को स्वीकार करने के लिए जनता का अभिनंदन किया। टंडन ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने एक बार फिर 200 का आंकड़ा पार कर दिया है, जो एक ऐतिहासिक जीत है।
विधायक टंडन ने दावा किया कि महागठबंधन का आधार पूरी तरह समाप्त हो चुका है और जनता ने उनके नेताओं को सबक सिखा दिया है। उन्होंने कहा कि इस देश में वही राज करेगा जो गरीबों, मजदूरों और किसानों की सेवा करेगा, और वही सरकार सफल होगी जो स्पष्ट नीति अपनाकर 2047 में भारत को महाशक्ति बनाने की दिशा में काम करेगी।

