नोखा थाना क्षेत्र के श्री खिंडा नहर में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। यह शव श्री खिंडा गांव के पास भोजपुर राजवाहा में फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार शाम को शव नहर में फंसा हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। हालांकि, शाम लगभग सात बजे तक शव को नहर से बाहर नहीं निकाला जा सका। पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई न होने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने शव निकालने में देरी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव काफी पुराना लग रहा था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। अनुमान है कि व्यक्ति की मौत करीब पांच-छह दिन पहले हुई होगी। शव का केवल सिर का हिस्सा ही पानी के ऊपर दिख रहा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई भी शव की शिनाख्त नहीं कर सका। थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि मामले को देखा जा रहा है। पुलिस द्वारा शव को बाहर निकालने और आगे की जांच की कार्रवाई की जा रही है। शव की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
Source link

