धौलपुर के बसेड़ी उपखंड क्षेत्र के नृसिंहपुर (राजूपुरा) गांव के ग्रामीणों ने जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि नृसिंहपुर (राजूपुरा) से झीरपुरा तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबी लिंक सड़क पिछले 10 वर्षों से खस्ताहाल है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह ज्ञापन जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के नाम सौंपा गया। ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क गांव का मुख्य मार्ग है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण पूरी तरह टूट चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर दिक्कतें आती हैं। कई बार वाहन रास्ते में ही फंस जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क का निर्माण करवाकर राहत प्रदान करने की मांग की है।
Source link

