कंटेनर ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटा।
सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र से गुजर रहे नेशनल हाईवे-44 पर बदमाशों ने गुड़गांव से नागपुर जा रहे कंटेनर को लूट लिया। लुटेरों ने ड्राइवर को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की और कंटेनर में भरा माल दूसरे कंटेनर में शिफ्ट कर फरार हो गए।
.
एफआईआर के अनुसार, बिहार निवासी ड्राइवर दीपचंद अवध पटेल ने बताया कि वह गुड़गांव की एसएस लॉजिस्टिक कंपनी में नौकरी करता है। 16 सितंबर की सुबह 4 बजे उसने अमेजॉन कंपनी का माल कंटेनर क्रमांक एचआर 55 एपी 0049 में नागपुर के लिए निकाला था। गाड़ी में जीपीएस और सामने की ओर सीसीटीवी कैमरा लगा था, जिसका एक्सेस कंपनी के पास है।
सिलारपुर के पास हाईवे पर रोका कंटेनर 17 सितंबर की रात करीब 2 बजे ग्राम सिलारपुर, थाना गौरझामर क्षेत्र में उसके कंटेनर के आगे चल रहे एक अन्य कंटेनर (एचआर 55 एके 9488) ने अचानक ब्रेक लगाया। मजबूरी में ड्राइवर को गाड़ी रोकनी पड़ी। तभी उस गाड़ी से चार लोग बाहर निकले और ड्राइवर के कंटेनर में चढ़ गए। उन्होंने हाथ-पैर बांध दिए, गाड़ी के बॉक्स में बंद किया और बंदूक दिखाकर धमकाया।
पिस्टल दिखाकर ड्राइवर को चुप कराया।
बोले- चिल्लाया तो गोली मार देंगे ड्राइवर के मुताबिक, आरोपी बार-बार धमकी दे रहे थे कि “बिलकुल शांत हो जा, हम कुछ नहीं करेंगे, चिल्लाया तो गोली मार देंगे।” इस दौरान गाड़ी में उससे मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
कटर मशीन से काटा और माल शिफ्ट किया आरोपियों ने रास्ते में दो जगह कंटेनर रोका। कटर मशीन से कैबिन के अंदर की चद्दर काटी और गाड़ी में रखा माल दूसरे कंटेनर में शिफ्ट कर लिया। ड्राइवर ने बताया कि उसे नहीं पता कि कितना सामान चोरी किया गया है। घटना के दौरान आरोपी ही उसका कंटेनर चला रहे थे।

यह कंटेनर ड्राइवर है, जिसको बंधक बनाया गया था।
मुंगवानी में छोड़कर फरार हुए बदमाश 17 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे आरोपी उसे बंधी हालत में गाड़ी समेत नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी में छोड़कर फरार हो गए। ड्राइवर ने किसी तरह हाथ-पैर खोले और बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए आरोपी गाड़ी मालिक ने कंटेनर के सीसीटीवी फुटेज चेक किए, जिसमें बदमाश ड्राइवर पर हमला करते और उसे धमकाते हुए साफ नजर आ रहे हैं। एक आरोपी पिस्टल निकालकर कहता हुआ दिख रहा है- “शांत हो जा, आराम से बांध ले।”
पुलिस जांच में जुटी मुंगवानी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस ट्रैकिंग की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। ड्राइवर को मारपीट के दौरान चोटें आई हैं।

