भागलपुर के पीरपैंती के भाजपा विधायक मुरारी पासवान ने सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को बारिश के बीच हॉस्पिटल पहुंचाया। बुधवार को मिर्जाचौकी क्षेत्र से लौटने के दौरान कटुआ पहाड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उन्हें बसंतपुर गांव के दो युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। दुर्घटना में एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी और वह बेहोश था, जबकि दूसरा भी घायल था। विधायक ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं होने पर उन्होंनेएसएसपी को घटना की जानकारी दी। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई और एंबुलेंस के पहुंचने में देरी होता देख उन्होंने समय गंवाना उचित नहीं समझा। अपने सहयोगियों की मदद से दोनों घायलों को निजी गाड़ी में बैठाकर पीरपैंती ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों से मिलकर उनका तत्काल इलाज शुरू कराया। विधायक ने अस्पताल में दोनों युवकों का हालचाल भी जाना और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। फिलहाल, दोनों घायलों का इलाज जारी है। विधायक मुरारी पासवान ने कहा कि वे एक भाजपा कार्यकर्ता के अंतिम दर्शन कर लौट रहे थे, तभी कटुआ पहाड़ के पास सड़क दुर्घटना में घायल दो युवक दिखाई दिए। एक युवक बेहोश था और उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। विधायक बोले- जनसेवा मेरा सबसे बड़ा दायित्व पहले पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए उन्होंने स्वयं घायलों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। विधायक ने कहा, “जनसेवा मेरा सबसे बड़ा दायित्व है। ऐसी स्थिति में किसी घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी मानव सेवा है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया गाड़ी चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। विधायक ने आगे बताया कि दरोगा को फोन करने पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। बाद में एसएसपी प्रमोद कुमार यादव को फोन करने पर उन्होंने फोन उठाया।
Source link

