अशोकनगर की शंकर कॉलोनी से दो दिन पहले लापता हुए दो किशोर तीसरे दिन मिल गए हैं। लगभग 13 वर्षीय दोनों किशोर मंगलवार को बड़े ओवर ब्रिज के नीचे कोलूआ रोड पर घूमते हुए पाए गए। पुलिस ने उन्हें थाने लाकर पूछताछ के बाद परिजनों को सौंप दिया।
.
देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम को दोनों बच्चों के लापता होने की रिपोर्ट परिजनों ने दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया था कि उनके बच्चे रविवार रात से गायब थे और तलाश के बावजूद उनका कहीं पता नहीं चल रहा था। इसके बाद पुलिस और परिवार के सदस्य उनकी तलाश में जुटे थे।
बच्चों ने पुलिस को बताया कि वे रविवार को तुलसी सरोवर तालाब गए थे, जहां उन्होंने नहाया। तालाब के पास मंदिर के पास वे शोर मचा रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने कहा कि पुलिस आ रही है। बच्चों को लगा कि पुलिस उन्हें पकड़ने आ रही है, जिससे वे डर गए।
डर के कारण वे घर पहुंचे, लेकिन उन्हें लगा कि पुलिस वहां भी आ सकती है। इसके बाद दोनों ने खाना खाया और घर से निकल गए। वे एक दोस्त के पास पहुंचे और फिर नया बस स्टैंड स्थित नगर पालिका की दो मंजिला दुकानों पर जाकर सुनसान जगह में सो गए।
सोमवार को दिनभर वे बाजार में घूमते रहे। रात के समय वे अग्रवाल पैलेस में एक शादी समारोह में पहुंचे, जहां उन्होंने खाना खाया और रात गुजारी।
बच्चों को तलाशने में दीवान सिंह, सूरज हर्षाना, नीरज रघुवंशी और भूपेन्द्र ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने इन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

