Success Business Idea: डिजिटल क्रांति और सही आइडिया कैसे किसी की जिंदगी बदल सकता है. इसकी जीती-जागती मिसाल हैं अररिया के पवन कुमार. कभी ऑनलाइन कैफे चलाने वाले पवन ने यूट्यूब से प्रेरणा लेकर 38 हजार रुपये की ऑनलाइन मशीन मंगवाई और आज वह गांव के सफल उद्यमी बन चुके हैं. रघुनाथपुर गांव के रहने वाले पवन ने करीब 2 लाख रुपये के कुल निवेश से आधुनिक आटा चक्की सेटअप तैयार किया. आज वह रोजाना 800 से 1200 किलो अनाज की पिसाई कर रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि पवन केवल मशीन पर निर्भर नहीं हैं. वह अपनी 4 एकड़ जमीन पर खेती और इस बिजनेस के तालमेल से साल भर में 8 लाख रुपये की मोटी कमाई कर रहे हैं. पवन की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो काम की तलाश में शहरों की ओर भागते हैं. पवन ने साबित कर दिया कि तकनीक का सही इस्तेमाल कर गांव की मिट्टी में भी ‘सोना’ उगाया जा सकता है.

